टाइक्वांडो में अलग-अलग श्रेणियों में जयपुर के दो बाल खिलाड़ियों ने इतिहास रच दिया है। शहर के 15 वर्षीय आरव कर्णावट और 11 वर्षीय आहान कर्णावट ने टाइक्वांडों में इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज करवाया। आरव और आहान ने ये उपलब्धि अपने दादाजी महेंद्र सिंह कर्णावट के निर्देशन और प्रेरणा से हासिल की। सोमवार को इंडिया और एशियाई बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में दोनों खिलाड़ियों ने विधिवत प्रशिक्षण दिखाया। इस दौरान कोच प्रदीप ने अपने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम में आहान ने 2 किलो वजन पकड़कर 1 मिनट में सर्वाधिक ताइक्वांडों फ्रंट किक्स का रिकॉर्ड बनाया। जहां इस नए रिकॉर्ड के लिए एशिया और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा जारी प्रमाणपत्र के अनुसार आहान ने अद्भुत फुर्ती, गति और एकाग्रता के साथ यह रिकॉर्ड 1 मिनट में 113 किक्स के साथ स्थापित किया। वहीं आरव कर्णावट ने 5 किलो वजन पकड़कर 1 मिनट में सर्वाधिक ताइक्वांडो साइड किक्स का नया रिकॉर्ड कायम किया। जिसमें आरव ने कठिन संतुलन और दक्षता के साथ 1 मिनट में 274 किक्स के साथ राष्ट्रीय और एशियाई स्तर पर अलग पहचान बनाई।