फतेहगढ़ साहिब के बस्सी पठाना के गांव आलिया में 44 वर्षीय मजदूर की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सुरजीत सिंह के रूप में हुई है, जिसका शव गांव के बाहर झाड़ियों में मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को सूचना मिलते ही इलाके को सील कर दिया गया। फतेहगढ़ साहिब के एसपी राकेश यादव ने बताया कि सुरजीत सिंह का गला किसी तेजधार हथियार से रेता गया था। यह मामला ‘अंधे कत्ल’ (ब्लाइंड मर्डर) का प्रतीत हो रहा है। हत्या के कारणों का नहीं चला पता एसपी यादव के अनुसार, हत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। हालांकि, प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश या विवाद की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का मानना है कि हत्या से पहले मृतक के साथ झगड़ा हुआ था, जिसके बाद पीछा करके उसके गले पर वार किए गए। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने महत्वपूर्ण सबूत एकत्र किए। पुलिस ने पुष्टि की है कि हत्या में तेजधार हथियार का इस्तेमाल किया गया है और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। मामले की जांच कर रही पुलिस एसपी राकेश यादव ने बताया कि हत्या में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मृतक के परिजनों व परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस जल्द ही इस मामले को सुलझा लेगी।
