फतेहगढ़ साहिब पुलिस और प्रशासन ने बस्सी पठाना के कोटला फजल गांव में एक नशा तस्कर के अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। इस संयुक्त कार्रवाई का नेतृत्व एसएसपी शुभम अग्रवाल ने किया। ध्वस्त किया गया निर्माण सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाया गया था। एसएसपी अग्रवाल ने बताया कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है, जबकि पीड़ितों को नशा मुक्ति केंद्रों में भेजकर सामान्य जीवन में लौटने का अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि जिले में अब तक लगभग 10 ऐसे अवैध निर्माण ढहाए जा चुके हैं, जिनका उपयोग नशा तस्कर अपने काले कारोबार को बढ़ाने के लिए करते थे। पोर्टल या हेल्पलाइन नंबर पर दें सूचना एसएसपी ने जनता से अपील की कि वे नशा तस्करों से संबंधित कोई भी सूचना “सुरक्षित पंजाब” पोर्टल या हेल्पलाइन नंबर 112 पर दें। उन्होंने आश्वासन दिया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। ध्वस्त किए गए निर्माण का मालिक कोटला फजल गाव निवासी सोमनाथ है। उसके खिलाफ नशा तस्करी के छह अलग-अलग मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से इस अवैध धंधे में सक्रिय था। यह कार्रवाई ग्राम पंचायत के सहयोग से संपन्न हुई। एसएसपी शुभम अग्रवाल ने दोहराया कि फतेहगढ़ साहिब को नशा मुक्त बनाने के लिए नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
