डेराबस्सी ट्रैफिक पुलिस ने अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर सनरूफ से बाहर निकलकर हुल्लड़बाजी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने एक कार मालिक का 7,000 रुपये का ऑनलाइन चालान काटा है। यह घटना तब सामने आई जब चंडीगढ़ से अंबाला की ओर जा रही एक होंडा कार में कुछ युवक-युवतियां सनरूफ से बाहर निकलकर हुल्लड़बाजी कर रहे थे। एक राहगीर ने इस घटना का वीडियो बनाकर ट्रैफिक पुलिस को भेज दिया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की। खतरनाक है सनरूफ से बाहर निकलना ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज अंग्रेज सिंह ने बताया कि चलती गाड़ी में सनरूफ से बाहर निकलना न केवल खतरनाक है, बल्कि यह कानूनी अपराध भी है। उन्होंने जोर दिया कि सड़क पर इस तरह की हुल्लड़बाजी दूसरों की जान को जोखिम में डाल सकती है। पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत यह चालान जारी किया है। इसमें हुल्लड़बाजी के लिए 5,000 रुपये और खतरनाक ड्राइविंग के लिए 2,000 रुपये शामिल हैं। यह कुल 7,000 रुपये का चालान कार मालिक को ऑनलाइन भेजा गया है।