बरनाला जिले के तपा मंडी निवासी 26 वर्षीय सैनिक लवली गिल का असम में ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। उनकी मृत्यु का कारण बीमारी बताया जा रहा है। लवली गिल पुत्र सुरजीत सिंह तपा मंडी की आनंदपुर बस्ती दराज रोड के निवासी थे। वह 2018 में सेना की 18 सिख लाइट रेजिमेंट में भर्ती हुए थे और वर्तमान में उनकी तैनाती असम के गुवाहाटी में थी। लवली अपने गरीब परिवार, माता-पिता और छोटे भाई-बहन की जिम्मेदारी निभा रहे थे। बीमारी के कारण बिगड़ी तबीयत अचानक बीमारी के कारण उनकी हालत बिगड़ गई, जिसके चलते उनका निधन हो गया। लवली गिल 12वीं कक्षा के बाद सेना में शामिल हुए थे और चार महीने पहले छुट्टी पर घर आए थे। मृतक सैनिक लवली गिल का अंतिम संस्कार सेना की यूनिट द्वारा राजकीय सम्मान के साथ किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई। इस अवसर पर परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और तपा मंडी शहर के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। जिला पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी उपस्थित थे, हालांकि मौजूदा आम आदमी पार्टी (आप) सरकार का कोई बड़ा नेता नजर नहीं आया।