केंद्र के बाद अब राजस्थान सरकार ने भी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (DA) और पेंशनर्स का महंगाई राहत (डीआर) तीन फीसदी बढ़ा दिया है। सीएम भजनलाल शर्मा की मंजूरी के बाद शुक्रवार को डीए बढ़ाने के आदेश हो गए हैं। इसके साथ ही दिवाली पर 6 लाख कर्मचारियों को 7 हजार तक बोनस देने का भी आदेश जारी हो गए। राजस्थान में करीब 7 लाख से ज्यादा सरकारी कर्मचारी और 5 लाख से ज्यादा पेंशनर्स हैं। राज्य कर्मचारियों के साथ ही पंचायत समिति और जिला परिषद के कर्मचारियों का डीए बढ़ाया है। इससे सरकार पर करीब 820 करोड़ का आर्थिक भार आएगा। अब तक राजस्थान में कर्मचारियों को 60 फीसदी डीए और पेंशनर्स को 60 फीसदी महंगाई राहत (डीआर) मिल रहा था। अब बढ़ोतरी के बाद कर्मचारियों को 63 फीसदी डीए और पेंशनर्स को 63 फीसदी डीआर मिलेगा। अप्रैल में दो फीसदी बढ़ा था डीए राज्य सरकार ने इसी साल अप्रैल में कर्मचारियों और पेंशनर्स का डीए दो फीसदी बढ़ाया था। अप्रैल में डीए 58% से बढ़ाकर 60 प्रतिशत किया था। राजस्थान में पिछले लंबे समय से केंद्र की घोषणा के बाद कुछ समय बाद ही राज्य सरकार भी डीए बढ़ाती रही है। अप्रैल में केंद्र सरकार के डीए बढ़ाने की घोषणा के पांचवें दिन राजस्थान सरकार ने भी DA बढ़ा दिया था। 500 से लेकर 4500 रुपए तक होगा फायदा डीए में तीन फीसदी की बढ़ोतरी से सरकारी कर्मचारियों और अफसरों को वेतनमान के हिसाब से अलग-अलग फायदा होगा। एल-1 से लेकर एल-24 तक वेतनमान के हिसाब से अलग-अलग राशि बनती है। डीए बढ़ने से 500 से लेकर 4500 रुपए तक प्रति माह वेतन में बढ़ोतरी होगी। बढ़ा हुआ डीए जुलाई से लागू होगा डीए बढ़ाने से चालू वित्त वर्ष में 820 करोड़ का अतिरिक्त भार पड़ेगा। बढ़ा हुआ डीए जुलाई से लागू होगा। जुलाई से अक्टूबर तक के DA का बकाया कर्मचारियों के GPF (सामान्य भविष्य निधि) खातों में जमा किया जाएगा। बढ़ा हुआ DA कर्मचारियों को नवंबर के वेतन के साथ नकद दिया जाएगा। पेंशनभोगियों को 1 जुलाई से बढ़ा हुआ DR नकद में दिया जाएगा। 6 लाख कर्मचारियों को अधिकतम 7000 रुपए तक एडहॉक बोनस 6 लाख कर्मचारियों को अधिकतम 7000 रुपए तक एडहॉक बोनस मिलेगा। बोनस का लाभ पे-मैट्रिक्स लेवल L-12 तक के कर्मचारियों को ही मिलता है। चालू वित्त वर्ष में बोनस से सरकार पर 406 करोड़ का अतिरिक्त भार पड़ेगा। बोनस का 75% हिस्सा नकद दिया जाएगा, और 25% हिस्सा कर्मचारियों के GPF खातों में जमा किया जाएगा।