बरनाला में त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी रोकने के लिए फूड सेफ्टी विभाग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। टीम ने सेखा रोड स्थित एक मिठाई कारखाने पर छापा मारकर उसे सील कर दिया। यहां से 910 किलो संदिग्ध मिल्क केक और 3 क्विंटल खोया बरामद किया गया। अधिकारियों के अनुसार, मिठाई बेहद गंदगी और अस्वच्छ माहौल में तैयार की जा रही थी। मिल्क केक बाजार में महज 250 रुपए प्रति किलो के भाव से सप्लाई किया जा रहा था। कम कीमत और मौके पर मिले सामान के आधार पर इसके नकली और मिलावटी होने का संदेह जताया गया है। मिठाई से भरी एक डिलीवरी वैन को रोका फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर चरणजीत सहोता ने बताया कि शुक्रवार तड़के करीब 5 बजे हंडियाया चौक पर विशेष नाका लगाया गया था। इस दौरान मिठाई से भरी एक डिलीवरी वैन को रोका गया। ड्राइवर से पूछताछ के बाद टीम सेखा रोड स्थित गोदाम पहुंची और वहां छापा मारा। जांच के दौरान परिसर में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिली। मौके से स्किम्ड मिल्क पाउडर के बैग, वनस्पति घी और रिफाइंड तेल के टीन भी बरामद हुए। अधिकारियों के अनुसार, इनका इस्तेमाल खोया और मिल्क केक तैयार करने में किया जा रहा था। सैंपल लेकर जांच के लिए स्टेट फूड लैब भेजे विभाग की टीम ने बरामद मिल्क केक और खोये के कानूनी सैंपल लेकर जांच के लिए स्टेट फूड लैब भेज दिए हैं। इसके साथ ही पूरे गोदाम को सील कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
