पठानकोट जिले के थाना सुजानपुर पुलिस ने पुलिस टीम ने यूबीडीसी नहर के पास चाय की दुकान पर मोबाइल पर लूडो गेम के जरिए पैसों का दांव लगाकर सट्टा खेल रहे 4 युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹46,890 नगदी और 4 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपियों पर पुलिस ने गैंबलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुनील कुमार निवासी नजदीक महाजन हॉल, शाहपुरी गेट, सुजानपुर, जतिंदर कुमार उर्फ धारा निवासी कैलाशपुर, रवि कुमार निवासी राईपुर संधुआ, रमन कुमार निवासी न्यू गुगरां के तौर पर हुई है। चाय की दुकान के पीछे लगा रहे थे सट्टा जानकारी के मुताबिक एएसआई नरेश कुमार पुलिस टीम के साथ नेशनल हाईवे न्यू गुगरां मोड़ के पास गश्त पर थे। मुखबिर ने सूचना दी कि पुल नंबर 2 यूबीडीसी नहर के किनारे चाय के खोखे के पीछे 4 युवक मोबाइल फोन पर लूडो गेम खेलकर पैसों पर सट्टा लगा रहे हैं। सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की, तो टेबल पर एक मोबाइल रखकर चारों युवक सट्टा खेलते हुए पाए गए। पुलिस को देखते ही उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तुरंत चारों को दबोच लिया। ₹46,890 की नगदी और 4 मोबाइल जब्त पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके पास से कुल ₹46,890 और 4 मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक सुनील कुमार से ₹16,000 की नगदी, जतिंदर कुमार उर्फ धारा से ₹29,500 की नगदी और ओप्पो कंपनी का मोबाइल, रवि कुमार से ₹890 की नगदी और रियलमी कंपनी का मोबाइल, रमन कुमार से ₹500 और वीवो कंपनी का मोबाइल बरामद किया गया। पुलिस ने सट्टे में इस्तेमाल की जा रही रकम और मोबाइल फोन जब्त कर चारों आरोपियों के खिलाफ पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।