डबलीराठान (हनुमानगढ़). पंचायत चुनाव में जीत के लिए कई जगह उम्मीदवार महीनों दौड़ते हैं, घर-घर जाकर समर्थन मांगना पड़ता है और सैकड़ों वोट जुटाने होते हैं लेकिन डबलीवास कुतुब ग्राम पंचायत के वार्ड 4 में हालात कुछ अलग ही हैं। यहां कुल मतदाता सिर्फ 11 हैं। यानी जो भी उम्मीदवार इन 11 मतदाताओं में से महज छह मतदाताओं का भरोसा जीत लेगा, वह वार्ड पंच बन जाएगा। यह सुनने में अविश्वसनीय लगता है, पर मतदाता सूची में यही दर्ज है। वार्ड 4 की यह संख्या इस पंचायत के अन्य वार्डों की तुलना में इतनी कम है कि इसे ‘चुनावी चमत्कार’ कहा जा सकता है। यहां न बड़ी जनसभाएं चाहिए, न विशाल दौड़-धूप। महज छह मतदाताओं से सीधा संवाद और उनका समर्थन और बन गए वार्ड पंच।
