फिरोजपुर जिले में दिवाली के त्योहार पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर अभिनव खोसला के नेतृत्व में विभाग की टीम ने जीरा में दो अलग-अलग फैक्ट्रियों पर छापेमारी की। पहली फैक्ट्री में 350 किलो खराब चिप्स और 40 किलो कीड़ों से प्रभावित कस्तूरी मेथी नष्ट करवाई गई। वहीं, दूसरी फैक्ट्री में बर्फी नष्ट करने के साथ 69 टीन सील कर उनके सैंपल लिए गए और जांच के लिए भेजे। चिप्स में मिले कीड़े, मेथी में थीं सुंडियां जीरा में चिप्स बनाने वाली फैक्ट्री की जांच के दौरान टीम को करीब 350 किलो चिप्स खराब हालत में मिले। चिप्स में बदबू और अस्वाभाविक रंग के साथ कीड़े भी पाए गए। इसके अलावा 40 किलो कस्तूरी मेथी में सुंडियां और अन्य कीड़े मौजूद थे। खाद्य सामग्री को लोगों की सेहत के लिए संभावित खतरा मानते हुए विभाग ने मौके पर ही दोनों खाद्य पदार्थ नष्ट करवा दिए। फैक्ट्री में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर संचालक के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। दूसरी फैक्ट्री से बर्फी के सैंपल लिए चतरा रोड स्थित बेकरी उत्पाद बनाने वाली दूसरी फैक्ट्री में भी जांच के दौरान खामियां सामने आईं। यहां फरीदकोट से लाई गई बर्फी की जांच की गई, जिसकी कीमत करीब 90 रुपए प्रति आधा किलो बताई गई। विभाग ने बर्फी नष्ट करवाई और 69 टीन सील करके उनके सैंपल लिए। बेकरी उत्पादों में इस्तेमाल होने वाले अमोनिया से संबंधित मामले की भी जांच की जाएगी। सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। मिलावट करने वालों बख्शा नहीं जाएगा फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर अभिनव खोसला ने कहा कि दिवाली को देखते हुए खाद्य पदार्थ बनाने वाली फैक्ट्रियों, गोदामों और दुकानों की जांच लगातार की जा रही है। खाद्य सामग्री में मिलावट, गंदगी या मानकों की अनदेखी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कारोबारियों को साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य पदार्थों को कीड़ों व गंदगी से बचाकर रखने के निर्देश दिए।