तरनतारन जिले में खरीफ सीजन के दौरान धान की खरीद जारी है। अब तक 9 लाख 91 हजार 794 मीट्रिक टन धान खरीदा गया, जिसके लिए किसानों को 2026.92 करोड़ रुपए का भुगतान हुआ। डीसी राहुल ने बताया कि मंडियों में कुल 10 लाख 3 हजार 214 मीट्रिक टन धान आया। इसमें से पनग्रेन ने 4 लाख 54 हजार 566 मीट्रिक टन, मार्कफेड ने 2 लाख 43 हजार 833 मीट्रिक टन, पनसप ने 1 लाख 68 हजार 454 मीट्रिक टन, पंजाब राज्य गोदाम निगम ने 1 लाख 18 हजार 986 मीट्रिक टन और व्यापारियों ने 5 हजार 955 मीट्रिक टन धान खरीदा। डीसी बोले-फसल सुखाकर ही मंडियों में लाएं डीसी ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी फसल सुखाकर ही मंडियों में लाएं। सरकारी एजेंसियां सिर्फ 17 प्रतिशत तक नमी वाला धान खरीदती हैं। ज्यादा नमी वाले धान से बेचने में परेशानी हो सकती है। उन्होंने बताया कि धान की कटाई के लिए समय तय है। शाम 6 बजे से सुबह 10 बजे तक कंबाइन मशीनों से कटाई पर रोक है। किसानों और ऑपरेटरों से इस नियम का सख्ती से पालन करने को कहा गया। उन्होंने किसानों से यह भी अपील की कि वे धान की पराली और फसल के अवशेषों को आग न लगाएं। इसके बजाय पराली का उचित प्रबंधन करें और पर्यावरण को स्वच्छ रखने के साथ-साथ जिले को प्रदूषण मुक्त बनाने में अपना योगदान दें।
