मोगा जिले में पुलिस ने एक व्यक्ति को अवैध हथियार समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से कारतूस समेत देसी पिस्तौल बरामद की है। इस मामले में एक और व्यक्ति को नामजद किया गया है, जो अभी फरार है। दौलेवाला चौकी प्रभारी राज सिंह अपनी टीम के साथ गांव दौलेवाला के पास गश्त कर रहे थे। उन्हें सूचना मिली कि गांव मंदर के अर्शदीप सिंह उर्फ आशू के पास गैरकानूनी हथियार है। पुलिस ने अर्शदीप को पकड़ा और उसके पास से 32 बोर की एक देसी पिस्तौल, एक मैगजीन और 4 जिंदा कारतूस बरामद किए। एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा उसके खिलाफ थाना कोटईसे खां में असला एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में अर्शदीप ने बताया कि यह हथियार उसे गांव मंदर के मंगल सिंह ने दिया था। पुलिस ने मंगल सिंह को भी आरोपी बनाया है, लेकिन वह अभी तक पकड़ा नहीं जा सका है। पकड़े गए आरोपी को कोर्ट में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड मिला है।
