तरनतारन जिले में नकेल कसते हुए तरनतारन पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। गोइंदवाल साहिब इलाके में फिरौती के लिए फायरिंग की कई वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने दबोच लिया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नाकाबंदी के दौरान चलाई गोली
जानकारी के मुताबिक, 27 अक्टूबर 2026 को पुलिस टीम इलाके में गश्त व चेकिंग पर थी। इसी दौरान बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही बाइक पर पीछे बैठे युवक ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में लगा निशाना पुलिस ने आत्मरक्षार्थ तुरंत जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी विश्वास सिंह उर्फ बूटा (पुत्र लखबीर सिंह) के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा। वहीं पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसके साथी गुरजशन सिंह उर्फ जशन (पुत्र मुख्तियार सिंह) को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया। अवैध असला और बाइक जब्त घटनास्थल से पुलिस ने एक PX-5 पिस्तौल, 5 कारतूस (3 चले हुए खाली और 2 जिंदा), एक मोबाइल फोन और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी विश्वास सिंह को प्राथमिक उपचार देने के बाद तुरंत सरकारी अस्पताल तरनतारन में भर्ती करवाया गया है। फिरौती की 3 वारदातों में थे वांछित पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी गोइंदवाल साहिब में फिरौती वसूलने की नीयत से की गई फायरिंग की 3 अलग-अलग घटनाओं में शामिल थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।