भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ मानसा में दिवंगत परविंदर सिंह झोटा के परिजनों से मिलने उनके निवास पहुंचे। उन्होंने वहां चल रहे धरने में शामिल होकर पीड़ित परिवार के साथ गहरा दुख साझा किया और हर संभव मदद का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की हत्या के लिए सरकार को जिम्मेदार बताया। कहा कि पंजाब में सरकार का नशे के खिलाफ अभियान चलाने का दावा एक धोखा के सिवाय कुछ नहीं है। परिजनों से मुलाकात के दौरान सुनील जाखड़ ने पंजाब की ‘आप’ सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशे का कारोबार लगातार पांव पसार रहा है और जो लोग इसके खिलाफ आवाज उठाते हैं, उनकी दिनदहाड़े हत्याएं कर दी जाती हैं। जाखड़ ने सत्ताधारी नेताओं को झूठा व भ्रष्टाचारी करार देते हुए कहा कि इन्हें जनता की नहीं, सिर्फ अपनी चिंता है। उन्होंने पंजाब के लोगों से ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। इंसाफ मिलने तक साथ खड़े रहने का दिया आश्वासन जाखड़ ने याद दिलाया कि परविंदर झोटा ने नशे के खिलाफ खुलकर आवाज उठाकर एक सकारात्मक मुहिम शुरू की थी। उन्होंने झोटा के पिता भीम सिंह के उस वीडियो का भी जिक्र किया, जिसमें अधिकारियों द्वारा दुर्व्यवहार की बात कही गई थी। सुनील जाखड़ ने परिवार को स्पष्ट आश्वासन दिया कि जब तक उन्हें पूर्ण इंसाफ नहीं मिल जाता, तब तक वे पूरी मजबूती से उनके साथ खड़े रहेंगे।