पंजाब में नशे के अवैध कारोबार पर नकेल कसने के लिए पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पंजाब पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर रवि गुप्ता की टीम ने मोगा जिले के निहाल सिंह वाला में विभिन्न मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी कर सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान एक मेडिकल स्टोर से भारी मात्रा में संदिग्ध दवाइयां बरामद हुईं। जब टीम ने मेडिकल स्टोर संचालक से इन दवाइयों की खरीद-बिक्री के बिल व दस्तावेज मांगे, तो वह कोई रिकॉर्ड पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संदिग्ध दवाइयों को तुरंत प्रभाव से जब्त कर लिया। कोर्ट में पेश होंगी दवाइयां, सख्त कार्रवाई की चेतावनी टीम ने मामले की विस्तृत रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है। अधिकारियों के अनुसार जब्त की गई दवाइयों को अदालत में पेश किया जाएगा और नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार या नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और यह जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
