कोटपूतली में जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने शहरी क्षेत्रों में सफाई और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने नगरीय निकायों के विकास कार्यों, शहरी सौंदर्यीकरण, स्ट्रीट लाइट, पार्किंग, अतिक्रमण, आवारा पशु, सीवरेज, सड़क, पेयजल और कचरा प्रबंधन की समीक्षा की। उन्होंने बाजारों, धार्मिक स्थलों और मुख्य मार्गों पर नियमित सफाई, कचरा उठाव और बंद स्ट्रीट लाइट ठीक करवाने को कहा। क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, सीवरेज और जलभराव की समस्या को प्राथमिकता से हल करने, साथ ही नियमित पेयजल सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बाजारों में यातायात के लिए पार्किंग व्यवस्था और सड़क-फुटपाथ से अवैध अतिक्रमण हटाने को भी कहा गया। आवारा पशुओं के प्रबंधन पर जोर दिया गया, ताकि आवागमन में परेशानी न हो और दुर्घटनाओं का खतरा कम हो। कलेक्टर ने विकास कार्यों को समय पर और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। संपर्क पोर्टल शिकायतों का समय पर हल करने और पेंडिंग मामलों में अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर परिषद कोटपूतली और बहरोड़ के आयुक्त सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।