फरीदकोट जिले में दशहरा पर्व धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। फरीदकोट, कोटकपूरा और जैतो में आयोजित समारोहों के दौरान लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विभिन्न स्थानों पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए और भगवान श्रीराम के आदर्शों को याद करते हुए बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया। फरीदकोट के नेहरू स्टेडियम में दशहरा कमेटी की ओर से समारोह आयोजित किया गया। इसमें डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा, एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस, विधायक गुरदित्त सिंह सेखों, पूर्व विधायक कुशलदीप सिंह ढिल्लों और अकाली नेता परमबंस सिंह बंटी रोमाना सहित कई प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की। इस दौरान विभिन्न संस्थाओं की ओर से भगवान श्रीराम से संबंधित आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्हें देखने के लिए लोगों में उत्साह रहा। कोटकपूरा में 25 फीट ऊंचे रावण का दहन उधर, कोटकपूरा के श्री राधा कृष्ण मंदिर में भी दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। मंदिर प्रबंधक समिति के प्रधान राजकुमार अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित समारोह में डीएवी पब्लिक स्कूल के छात्र गगनदीप यादव द्वारा तैयार करीब 25 फीट ऊंचे रावण के पुतले का धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार दहन किया गया। कार्यक्रम में डीसीएस इंटरनेशनल स्कूल के अध्यक्ष पवन मित्तल, डीएवी पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल सुमन पुरी, विजय स्वामी, अग्रवाल सेवा समिति के वाइस चेयरमैन ओमप्रकाश गोयल और प्रसिद्ध विद्वान पंडित अखिल कौशिक सहित कई गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। जैतो में धूमधाम से मनाया गया दशहरा इसी तरह जैतो के रामलीला मैदान में भी दशहरा पर्व मनाया गया। यहां लोगों ने उत्साह के साथ समारोह में भाग लेकर पर्व की खुशियां साझा कीं। तीनों शहरों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से दशहरा पर्व की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता को उजागर किया गया। पर्व ने लोगों को सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने तथा समाज में आपसी भाईचारा और सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।