जलंधर देहाती पुलिस की CIA स्टाफ टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 30 किलोग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशीले पदार्थ के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा ट्रक भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजीत सिंह उर्फ जीत और बलजीत सिंह के रूप में हुई है, जो पिछले कई सालों से ट्रक ड्राइविंग की आड़ में नशीले पदार्थों की तस्करी का अवैध धंधा कर रहे थे। पुलिस दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल कर रही है ताकि इनके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा सकें।
तलाशी के दौरान ट्रक के अंदर से 30 किलोग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद हुआ मिली जानकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को ASI जगजीत सिंह के नेतृत्व में CIA स्टाफ की टीम लांबड़ा-नकोदर क्षेत्र में गश्त और चेकिंग पर तैनात थी। जब पुलिस पार्टी गांव सिंधां के गेट के पास पहुंची, तो वहां एक संदिग्ध ट्रक (नंबर PB08-FD-2013) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक के अंदर से 30 किलोग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक में सवार दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी पंजाब के रहने वाले पकड़े गए आरोपियों की पहचान ट्रक चालक रंजीत सिंह उर्फ जीत (निवासी गांव राहल चाहल, तरनतारन) और उसके साथी बलजीत सिंह (निवासी गांव टंडरापुर, होशियारपुर) के रूप में हुई है। इस संबंध में थाना लांबड़ा में मामला नंबर 124, NDPS एक्ट की धारा 15B/61/85 के तहत दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी पिछले 8-10 वर्षों से ट्रक ड्राइविंग कर रहे हैं और उनकी मुलाकात ट्रांसपोर्ट नगर, जलंधर में हुई थी। वे दोनों झंडा ट्रांसपोर्ट कंपनी के लिए ट्रक चलाते हैं और खुद भी डोडा चूरा पोस्त का नशा करने के आदी हैं। आरोपी रंजीत सिंह पर राजस्थान में पहले भी NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज है। वहीं बलजीत सिंह पर पहले से ही NDPS एक्ट और चोरी के 3 मामले दर्ज हैं। बलजीत सिंह दिसंबर 2022 में होशियारपुर जेल से जमानत पर बाहर आया था, जिसके बाद उसने दोबारा नशीले पदार्थों की तस्करी का काम शुरू कर दिया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे जयपुर (राजस्थान) के एक ढाबे से यह डोडा चूरा पोस्त खरीदकर लाए थे और इसे पहले भी 3-4 बार लाकर अपने जान-पहचान वाले ग्राहकों को बेच चुके हैं। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि वे यह खेप किससे लेकर आए थे और आगे किसे सप्लाई करने जा रहे थे। इसके अलावा, नशा तस्करी से बनाई गई आरोपियों की चल-अचल संपत्ति को भी कानून के अनुसार जब्त किया जाएगा।
