पंजाब में कानून-व्यवस्था के मुद्दे और जनहित के विषयों को लेकर अभियान चला रही कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने सोमवार को भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित डेरा बाबा नानक का दौरा किया। पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (PPCC) परगट सिंह और स्थानीय सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर को पुनः श्रद्धालुओं के लिए खोलने की मांग को लेकर अरदास की। सोमवार को कांग्रेस नेताओं का उच्चस्तरीय शिष्टमंडल डेरा बाबा नानक स्थित अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बने ‘श्री करतारपुर साहिब पैसेंजर टर्मिनल’ पहुंचा। यहां लैंड पोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (LPAI) के टर्मिनल मैनेजर संदीप महाजन और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के उच्च अधिकारियों ने गुलदस्ता भेंट कर कांग्रेस नेताओं का औपचारिक स्वागत किया। एक ओंकार के समक्ष टेका माथा सचिन पायलट, परगट सिंह और सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने टर्मिनल के मुख्य प्रवेश द्वार पर सुशोभित पवित्र ‘ੴ’ (एक ओंकार) के समक्ष माथा टेका और देश व प्रदेश की शांति, समृद्धि तथा कॉरिडोर को जल्द से जल्द दोबारा खोलने की अरदास की। नेता करीब 10 मिनट तक टर्मिनल परिसर में रुके। नेताओं ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि लंबे समय से कॉरिडोर बंद रहने के कारण देश-विदेश की संगत और श्रद्धालुओं में भारी निराशा है। कांग्रेस नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि पवित्र गुरुद्वारा श्री दरबार साहिब (करतारपुर साहिब, पाकिस्तान) के दर्शन-दीदार के लिए इस कॉरिडोर को अविलंब पुनः खोलने हेतु वे केंद्र सरकार पर निरंतर दबाव बनाएंगे। फिरौती का विरोध करने पर मारे गए रणदीप सिंह बेदी के परिवार से की मुलाकात टर्मिनल पर माथा टेकने के पश्चात कांग्रेस नेताओं ने डेरा बाबा नानक निवासी दिवंगत रणदीप सिंह बेदी के निवास स्थान पर जाकर उनके शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। उल्लेखनीय है कि रंगदारी (फिरौती) देने से इनकार करने पर बेखौफ अपराधियों ने रणदीप सिंह बेदी की गोलियां मारकर निर्मम हत्या कर दी थी। सचिन पायलट और परगट सिंह ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और विश्वास दिलाया कि कांग्रेस पार्टी इस दुख की घड़ी में उनके साथ मजबूती से खड़ी है। नेताओं ने राज्य में बेकाबू हो रहे अपराध और पुलिस-प्रशासन की ढिलाई पर कड़ा ऐतराज जताते हुए परिवार को न्याय दिलाने का पूर्ण भरोसा दिया।
