अमृतसर में गर्लफ्रेंड ने शादीशुदा बॉयफ्रेंड का घर फूंक दिया। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद गर्लफ्रेंड बॉयफ्रेंड के घर पहुंची। यहां उसने बॉयफ्रेंड की पत्नी को 6 महीने की बच्ची के साथ धक्का देकर बाहर निकाल दिया। इसके बाद घर में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग में घर का सामान, कपड़े, गहने और 95 हजार रुपए की नकदी जल गई। परिवार के मुताबिक, आगजनी से करीब 4 से 5 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस केस दर्ज किया है। आरोपी महिला को हिरासत में लिया गया है। घटना बाबा दीप सिंह कॉलोनी की है। अब सिलसिलेवार ढंग से पूरा मामला पढ़िए… पत्नी और 6 महीने की बच्ची को बाहर निकाला, लगाई आग
युवक कुलविंदर सिंह उर्फ अजय की पत्नी ने बताया कि वह रविवार को घर में अपनी 6 महीने की बच्ची के साथ लेटी हुई थी। इसी दौरान नेहा नाम की महिला जबरन घर में दाखिल हुई। महिला ने अलमारी से पैसे निकाले और उसे व बच्ची को धक्का देकर घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद उसने पूरे घर में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और मौके से फरार हो गई। 4 साल पहले हुई थी शादी, पति के प्रेम संबंध
पत्नी ने बताया कि उसकी शादी 4 साल पहले कुलविंदर के साथ हुई थी। उसके पति के नेहा के साथ पिछले कुछ सालों से प्रेम संबंध हैं। परिवार ने कई बार महिला को समझाने और विवाद सुलझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। दोनों पक्षों ने लगाए आरोप, क्रॉस केस दर्ज
पुलिस अधिकारी गुरजीत सिंह ने बताया कि नेहा और कुलविंदर सिंह के बीच लंबे समय से जान-पहचान थी। किसी बात को लेकर विवाद होने के बाद महिला ने युवक के घर जाकर आगजनी की। पुलिस के मुताबिक, पहले महिला की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद युवक और उसके परिवार ने महिला के घर में तोड़फोड़ करने के आरोप लगाए, जिसके आधार पर क्रॉस केस दर्ज किया गया। आरोपी महिला हिरासत में
पुलिस ने आगजनी के मामले में आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों की निष्पक्षता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी।