भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) द्वारा जालंधर के डीएवी यूनिवर्सिटी में ‘संडे ऑन साइकिल’ के 95वें संस्करण का भव्य आयोजन किया गया। ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में 500 से अधिक प्रतिभागियों ने साइकिल चलाकर ‘नशा मुक्त पंजाब’ और तंदुरुस्ती का संदेश दिया। ‘लुधियाना से 4 अक्टूबर को शुरू हुई ‘नशा मुक्त यात्रा’ भी इस आयोजन के साथ जालंधर पहुंची, जिसका समापन 1 नवंबर को एनआईएस (NIS) पटियाला में होगा। साइकिल रैली में युवाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित इस साइकिल रैली में स्थानीय युवाओं, विद्यार्थियों, सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों, खिलाड़ियों और वरिष्ठ नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रातःकालीन सत्र में साइकिल रैली के साथ-साथ योगाभ्यास, जुम्बा वर्कआउट और पंजाब के पारंपरिक भंगड़े का भी आयोजन किया गया, जिसने पूरे परिसर को भारी उत्साह से भर दिया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद सुशील कुमार रिंकू ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनके साथ पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया और के. डी. भंडारी भी उपस्थित रहे। खेल जगत से जूडो ओलंपियन अवतार सिंह, अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी राम लुभाया, टेबल टेनिस की पूर्व मुख्य कोच नरेंद्र कौर और हॉकी की पूर्व मुख्य कोच बलजीत कौर ने शिरकत कर युवाओं को प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान दिग्गजों ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल मैदान तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने और जीवन में अनुशासन लाने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि जब हमारी युवा पीढ़ी मैदानों और ट्रैक की तरफ मुड़ेगी, तो एक स्वस्थ और नशा मुक्त समाज का निर्माण स्वतः ही संभव होगा।
खेलों के महत्व के प्रति लोगों को किया गया जागरूक 4 अक्टूबर से शुरू हुई यह विशेष ‘नशा मुक्त यात्रा’ राज्य के विभिन्न जिलों से गुजरते हुए आम नागरिकों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों और खेलों के महत्व के प्रति जागरूक कर रही है। आयोजन के अंत में सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।सभी से “फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज” का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।