डीग में कामां पुलिस ने 4 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया। ये खुद को सेना अधिकारी बताकर, सस्ते सामान का लालच देकर लोगों को ठगते थे। इनके पास से 4 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए।
साइबर सेल शिकायतों पर अंगरावली पुलिया के पास कार्रवाई हुई। एसपी डॉ. शरण गोपीनाथ के निर्देश पर ‘ऑपरेशन काउंटरडाउन’ के तहत गिरफ्तारी की गई। गिरफ्तार आरोपियों में टायरा निवासी हामिद खां (35), गढ़ अजान निवासी आदिल (24), अरफान (19) और अरमान (21) शामिल है।
जांच में पता चला, आरोपी सोशल मीडिया पर लोगों को फंसाते थे। सस्ते सामान का भरोसा देते, फर्जी आर्मी अफसर बनकर बाइक बेचने का झांसा देते या अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठते थे। फर्जी बैंक खातों में जमा करते थे ठगी के पैसे
ठगी के पैसे फर्जी बैंक खातों में जमा कर निजी इस्तेमाल होते थे। पुलिस जब्त मोबाइल और डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है, ताकि अन्य मामले और पीड़ितों का पता चले। कार्रवाई करने वाली टीम में कामां थाना प्रभारी सुनील कुमार पुनिया, सहायक उपनिरीक्षक महावीर सिंह, हेड कॉन्स्टेबल महावीर सिंह, कांस्टेबल दयाराम और नेकरपाल शामिल थे।