माणकचौक थाना पुलिस ने ई-रिक्शा में यात्रा कर रहे ज्वेलरी कारोबारी के कर्मचारी से दो करोड़ रुपये से अधिक कीमत के हीरे-जवाहरात चोरी करने की वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में आरोपी गुजरात निवासी महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए हीरे-जवाहरात बरामद कर लिए हैं। आरोपी ने कारोबारी के कर्मचारी की रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। करण शर्मा ने बताया कि 15 अक्टूबर को एक ज्वेलरी कारोबारी की ओर से माणक चौक थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। परिवादी के अनुसार, वह ज्वेलरी कारोबार से जुड़ा है और अलग-अलग व्यापारियों को आभूषणों के सैंपल दिखाने और माल की खरीद-बिक्री के सिलसिले में यात्रा करता रहता है। घटना के दिन दोपहर 3 बजे वह ई-रिक्शा में सवार होकर सांगानेर गेट की ओर जा रहा था। उसके पास ज्वेलरी के 13 पैकेट थे, जिनमें अलग-अलग व्यापारियों के पन्ना, माणक और डायमंड सहित हीरे-जवाहरात रखे हुए थे। रास्ते में अज्ञात ने पैकेट चोरी कर लिए। दो करोड़ से ज्यादा कीमत के हीरे-जवाहरात चोरी माणकचौक थानाधिकारी राकेश ख्यालिया ने बताया कि चोरी हुए माल में 11.52 कैरेट के दो पन्ने और 144.60 कैरेट के चार पन्ने शामिल थे। इसके अलावा, 11 अन्य पैकेटों में कुल 942.52 कैरेट के पन्ने रखे हुए थे। इस तरह चोरी हुए हीरे-जवाहरात की कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक बताई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे करीब 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी अनुसंधान और मुखबिर तंत्र की मदद से ई-रिक्शा में परिवादी के साथ यात्रा कर रहे एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की गई। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज के जरिए संदिग्ध के ई-रिक्शा से उतरने के स्थान की पुष्टि की गई। मुख्य बाजार से झुग्गी बस्ती तक पीछा कर दबोचा जांच में सामने आया कि संदिग्ध वारदात के बाद मुख्य बाजार की गलियों से होकर फरार होने की कोशिश कर रही थी। वह पुलिस की पकड़ से बचने के लिए बार-बार ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा बदल रहा थी। इससे पुलिस टीम के सामने आरोपी तक पहुंचने की चुनौती खड़ी हो गई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्ध के ठिकाने की जानकारी जुटाई। जानकारी मिलने पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के रहने के स्थान पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गुजरात का रहने वाला बताया गया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए दो करोड़ रुपये से अधिक कीमत के हीरे-जवाहरात बरामद कर लिए। रेकी के बाद कर्मचारी को बनाया निशाना आरोपी मुख्य बाजार में घूमकर वारदात के लिए उपयुक्त व्यक्ति की पहचान करता था। इसके बाद वह संबंधित व्यक्ति के पीछे लगकर उसके साथ यात्रा करता और मौका मिलते ही उसके पास रखा कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाता था। वारदात के बाद वह पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने यात्रा के साधन बदलता था और अपने ठिकाने पर पहुंच जाता था। आरोपी 15 अक्टूबर को भी वारदात को अंजाम देने के लिए बाजार में आया था। उसने पहले परिवादी की पहचान की और फिर उसके साथ ई-रिक्शा में यात्रा करते हुए मौका पाकर ज्वेलरी के पैकेट चोरी कर लिए। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही, यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने इससे पहले इस तरह की अन्य वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।
