सीकर की कोतवाली थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने लॉरेंस विश्नोई गैंग के गुर्गे को गिरफ्तार किया है। आरोपी को झारखंड के रांची में एक सटोरिए के मर्डर के लिए भेजा गया था। टारगेट लोकेशन नहीं मिलने पर वापस आ गया। शनिवार शाम सीकर DST टीम को इनपुट मिला था कि नेहरू पार्क के पास एक युवक अपने बैग में हथियार लेकर घूम रहा है। ऐसे में DST टीम और कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जहां आरोपी महेश नायक उर्फ मोंटी (21) पुत्र दलीप नायक ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली, तो उसमें 2 देसी हाईटेक पिस्टल, 4 मैग्जीन, 15 कारतूस मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महेश नायक वैसे तो झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ कस्बे के वार्ड नंबर 18 का रहने वाला है। लेकिन वह सीकर में रहकर कलर का काम करता है। ऐसे में वर्तमान में किराए के मकान में पिपराली रोड पर इंदिरा कॉलोनी में रह रहा था। अब तक की इन्वेस्टीगेशन में सामने आया है कि आरोपी लॉरेंस गैंग से जुड़ा हुआ है। जिसे झारखंड में मर्डर की वारदात को अंजाम देना था, लेकिन वहां सफल नहीं हुआ तो वापस सीकर आ गया। 2 अक्टूबर को रांची पहुंचा था आरोपी करीब डेढ़ महीने पहले फेसबुक के जरिए विदेश में बैठे लॉरेंस गैंग के बदमाश रोहित मीणा के संपर्क में आया था। रोहित ने आरोपी महेश नायक से बातचीत करना शुरू किया। इसके बाद उसे झारखंड में रांची बुलाया। 2 अक्टूबर को आरोपी महेश नायक रांची पहुंच गया। वहां रोहित के कहने पर किसी दूसरे गुर्गे ने महेश को हथियार दे दिए। इसके बाद उसे कहा गया कि तुम्हें लोकेशन मिल जाएगी। एक सटोरिए को गोली मारनी है। हथियारों के साथ महेश नायक को रुपए भी दिए गए। लेकिन टारगेट की लोकेशन लॉरेंस गैंग के द्वारा नहीं दी गई। ऐसे में 8 अक्टूबर को आरोपी महेश नायक वापस हथियार लेकर सीकर आ गया। जानकारी के अनुसार रोहित मीणा ने महेश को झारखंड के रांची में रहने वाले एक बड़े सटोरिए पर गोली चलाने के लिए बुलाया था। लेकिन गैंग के द्वारा लोकेशन नहीं मिलने की वजह से आरोपी वापस सीकर आ गया। आरोपी गैंग के इशारे पर कुछ करता लेकिन उसके पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। अब तक की इन्वेस्टीगेशन में सामने आया है कि आरोपी महेश का लॉरेंस गैंग से बातचीत करवाने वाला एक अन्य आरोपी भी है। जिसकी अब पुलिस तलाश कर रही है। बता दें कि जहां राजस्थान में रोहित गोदारा गैंग ने कई हाई प्रोफाइल लोगों को फिरौती के लिए धमकी दी है तो वही लॉरेंस गैंग के विदेश में बैठे बदमाश झारखंड में कई धमकियां फिरौती के लिए दे चुके हैं। उन्होंने महेश नायक को इसलिए ही शूटर के रूप में वहां बुलाया जिससे कि इस पर कोई आसानी से शक भी ना कर सके। फिलहाल आरोपी महेश नायक से पूछताछ में गैंग से जुड़े लोगों के बारे में पूछता जारी है। मामले में कई अन्य भी आरोपी गिरफ्तार हो सकते हैं। सुनील मीणा को अजरबैजान से पकड़ा था आरोपी महेश नायक को टास्क देने वाला लॉरेंस गैंग का रोहित मीणा वर्तमान में विदेश में बैठा है, जो गैंग के राजस्थान में राइट हैंड माने जाने वाले सुनील मीणा का बेहद करीबी है। सुनील मीणा को 2024 में इंटरपोल की मदद से अजरबैजान में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उसे झारखंड अट्स 2025 में प्रत्यर्पण कर लाई।