नागौर में पीएम फसल बीमा योजना में फर्जी दस्तावेज तैयार कर क्लेम उठाने के मामले में पुलिस ने सरकारी टीचर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पोखराज जाट निवासी मांझवास, फिलहाल ब्यावर जिले के ठाकुरवास गांव स्थित सरकारी स्कूल में पोस्टेड है। वह शनिवार को ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहा था, इसी दौरान पुलिस ले उसे डिटेन किया। फिर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एसपी आशाराम चौधरी ने बताया कि पोखराज जाट सरकारी टीचर बनने से पहले ई-मित्र संचालक था। रिपोर्ट के अनुसार, उस पर फर्जी दस्तावेजों से करीब 7.67 लाख रुपए का क्लेम उठाने का मामला दर्ज है। मामले में अब तक 15 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। फर्जी दस्तावेजों से जानकारों के नंबर जोड़ दिए थे
एसपी ने बताया कि नागौर के राठौड़ी कुआं निवासी वेदप्रकाश सांखला ने 25 अगस्त 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी का आरोप है कि चुंटीसरा पटवार हलका क्षेत्र में स्थित उसकी खातेदारी जमीन के खसरा नंबरों पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए। इसके आधार पर वर्ष 2021 की खरीफ मूंग की फसल का बीमा क्लेम उठाया गया। आरोपियों ने कुल 7 लाख 67 हजार 485 रुपए अलग-अलग बैंक खातों में जमा करवा लिए। परिवादी की जानकारी और सहमति के बिना जमीन पर फर्जी बटाईदार बनकर बीमा पॉलिसियां तैयार कराई गईं। इसके बाद क्लेम की राशि अलग-अलग खातों में जमा कराई गई। पुलिस रिकॉर्ड में कैलाशराम पुनिया, सुमन देवी और सरोज के नाम सामने आए हैं। परिवादी ने आरोप लगाया कि जब उसे फसल बीमा क्लेम की जानकारी मिली तो उसने संबंधित लोगों से संपर्क किया। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और षड्यंत्र से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी आशाराम चौधरी ने बताया कि मामले में जांच के बाद कार्रवाई शुरू की गई। सीओ नागौर जितिन जैन के सुपरविजन में महिला पुलिस थाना नागौर के थानाधिकारी सुरेश कुमार और DST की टीम ने आरोपी पोखराज को गिरफ्तार किया। खातेदारों के नाम पर फर्जी क्लेम उठाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, मामले में मिलीभगत कर फर्जी बंटाई दार बनकर लाखों रुपए का फसल बीमा क्लेम उठाने का आरोप है। आरोपियों ने खातेदारों के नाम और जमीन की जानकारी दर्ज कर बीमा क्लेम के लिए अपने बैंक खातों के नंबर जोड़ दिए। इससे बीमा की राशि उनके खातों में आती रही। मामले में वकील बीरबल राम कमेडिया की पत्नी, साले, पिता और अन्य रिश्तेदारों के खातों में भी रुपए ट्रांसफर हुए हैं, जिन्हें जांच के दायरे में शामिल किया गया है। जबकि SIT जांच कर रही है। अब तक 15 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। ये खबर भी पढ़िए… जिला परिषद महिला प्रत्याशी नामांकन भरने के बाद गिरफ्तार:फर्जी बीमा क्लेम मामले में वकील पति डिटेन, भाजपा ने पार्टी से निकाला फर्जी फसल बीमा क्लेम मामले में आरोपी बीरबल राम कमेडिया को पुलिस ने डिटेन किया है, जबकि उसकी पत्नी बसंती को गिरफ्तार कर लिया गया है। मंगलवार को बीरबल अपनी पत्नी का नामांकन भरवाने नागौर जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचा था। पूरी खबर पढ़िए
