आबकारी विभाग ने गांव कराला में शनिवार देर शाम छापेमारी कर अवैध रूप से शराब बेचने के आरोप में एक दुकानदार को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दलवीर सिंह निवासी गांव कराला, बनूड़ के नजदीक, जिला एसएएस नगर के रूप में हुई है। जो अपने परिवार के साथ दुकान पर मौजूद था और काऊंटर पर अवैध शराब रखकर बेच रहा था । जानकारी के अनुसार, खरड़ के एक्साइज इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव कराला में छापेमारी की। इस दौरान एक किराना दुकान पर चंडीगढ़ में बिक्री के लिए निर्धारित शराब को कथित तौर पर अवैध रूप से बेचने का मामला सामने आया। कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग ने आरोपी दलवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पंजाब एक्साइज एक्ट, 1914 की धारा 61 के तहत थाना बनूड़ में मामला दर्ज किया जा रहा है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।