फाजिल्का जिले के वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। फाजिल्का के आरटीओ (RTO) दफ्तर में गुरुवार से कमर्शियल और नॉन-कमर्शियल (व्यावसायिक व निजी) गाड़ियों की पासिंग का काम औपचारिक रूप से शुरू कर दिया गया है। अब स्थानीय लोगों को वाहनों की पासिंग और अन्य संबंधित प्रशासनिक कार्यों के लिए दूसरे जिलों या दूर-दराज के शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। विभाग द्वारा अब प्रत्येक सप्ताह गुरुवार को यह सुविधा फाजिल्का में ही उपलब्ध करवाई जाएगी। परिवहन विभाग के अधिकारी जस्सी चावला ने बताया कि पासिंग प्रक्रिया के पहले ही दिन कुल 25 गाड़ियां जांच के लिए पहुंचीं। विभागीय नियमों और सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच करने के बाद 18 गाड़ियों को फिट घोषित करते हुए पास कर दिया गया। वहीं, 7 गाड़ियां निर्धारित मानकों पर खरी नहीं उतर सकीं, जिन्हें रिजेक्ट कर दिया गया। रिजेक्ट हुए वाहनों के मालिकों को कमियों को दुरुस्त कर अगले सप्ताह दोबारा जांच करवाने के निर्देश दिए गए हैं। 140 किमी का सफर, समय और पैसे की होगी बचत स्थानीय निवासी गोपाल अग्रवाल और कैप्टन ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पहले वाहन चालकों को पासिंग और भारी वाहन लाइसेंस बनवाने जैसे कार्यों के लिए जलालाबाद, फिरोजपुर या मोगा जाना पड़ता था। कई बार चालकों को 140 किलोमीटर तक का चक्कर लगाना पड़ता था। अब फाजिल्का में ही पासिंग की सुविधा शुरू होने से लोगों के समय और पैसे दोनों की भारी बचत होगी। करीब 2 हजार चालकों व ऑपरेटरों को मिलेगा सीधा लाभ पंजाब टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के जिला अध्यक्ष कृष्ण लाल गर्ग ने बताया कि यूनियन से जुड़े चालकों को पहले अबोहर, बल्लूआना, मलोट और जलालाबाद के चक्कर काटने पड़ते थे, जिससे उन्हें काफी परेशानी और अतिरिक्त वित्तीय बोझ झेलना पड़ता था। उन्होंने उम्मीद जताई कि फाजिल्का में यह सुविधा शुरू होने से क्षेत्र के करीब 2,000 टैक्सी चालकों और वाहन मालिकों को सीधा फायदा पहुंचेगा।