लुधियाना के गुरुद्वारा संतपुरा, गुरदेव नगर में चोरी और मारपीट का मामला सामने आया है। यहां तीन अज्ञात आरोपियों ने गुरुद्वारे में सेवा कर रहे सेवादार की आंखों में नमक डालकर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसे कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया। आरोपियों ने गुरुद्वारा साहिब के पीछे बने कमरे में सामान की तलाशी लेकर तोड़फोड़ की और दरबार साहिब के अंदर गोलक से नकदी चोरी कर फरार हो गए। थाना डिवीजन नंबर-5 की पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धारा 127(2), 331(6), 305 और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। खाना खाने के बहाने पहुंचे आरोपी पुलिस को दी शिकायत में सेवादार सपिंदर सिंह ने बताया कि वह पिछले करीब 35 साल से गुरुद्वारा संतपुरा, गुरदेव नगर में सेवादार-पाठी के रूप में सेवा कर रहे हैं। शिकायत के मुताबिक, 13 अक्टूबर 2026 को सुखासन के बाद खाना खाकर वह दरबार साहिब के पीछे बने कमरे में आराम कर रहे थे। इसी दौरान आंगन में तीन अज्ञात लोग खड़े दिखाई दिए। इनमें एक महिला भी शामिल थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, तीनों ने उससे कहा कि उन्हें खाना खाना है। इसके बाद एक आरोपी ने पास आकर उसके मुंह और आंखों के पास नमक डाल दिया, जिससे उसे दिखाई देना बंद हो गया। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसे कमरे में बंद करके बाहर से ताला लगा दिया। गोलक से नकदी चोरी कर हुए फरार सेवादार ने आरोप लगाया कि वारदात के दौरान आरोपियों ने दरबार साहिब के पीछे बने कमरे में रखे सामान को खंगाला और सामान बिखेर दिया। इसके बाद दरबार साहिब के अंदर रखी गोलक से नकदी चोरी कर मौके से फरार हो गए। एक महिला और दो अज्ञात व्यक्ति आरोपी मामले में एक अज्ञात महिला और दो अज्ञात व्यक्तियों को आरोपी बताया गया है। थाना डिवीजन नंबर-5 की पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और मामले की जांच में जुटी है।