गुरदासपुर जिले के गांव सलाच के किसान सुखविंदर सिंह का शव पाकिस्तानी रेंजर्स ने बीएसएफ को सौंप दिया है। सुखविंदर सिंह पिछले महीने रावी दरिया में तेज बहाव के कारण बहकर पाकिस्तान की तरफ चले गए थे। कई दिनों की तलाश के बाद उनका शव बरामद हुआ। जानकारी के अनुसार, 28 सितंबर को सुखविंदर सिंह रावी दरिया पार स्थित अपने खेतों में काम करने गए थे। इसी दौरान दरिया में पानी का बहाव तेज होने के कारण वह उसकी चपेट में आ गए और बहते हुए पाकिस्तान की सीमा में पहुंच गए। घटना के बाद भारतीय क्षेत्र में उनकी तलाश की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। गुरुवार को मिला शव इसके बाद पाकिस्तानी रेंजर्स ने रावी दरिया से सुखविंदर सिंह का शव बरामद किया। गुरुवार को डेरा बाबा नानक में पाकिस्तानी रेंजर्स ने शव बीएसएफ की 200वीं बटालियन के अधिकारियों को सौंप दिया। इस दौरान बीएसएफ, पंजाब पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।