फिरोजपुर के जीरा में बुधवार शाम थार सवार और स्विफ्ट कार सवारों के बीच हुई सरे राह फायरिंग में एक बुजुर्ग राहगीर की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों से पूछताछ की। बुजुर्ग के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। यह घटना पुराने तलवंडी रोड पर हुई। मृत बुजुर्ग राहगीर की पहचान लेहरा रोही गांव निवासी बसंत सिंह (60) के रूप में हुई है। सूचना पर थाना पुलिस पहुंची और मामले की जांच की। कुछ देर बादDIG स्नेह दीप शर्मा और SSP भूपिंदर सिंह सिद्धू मौके पर पहुंचे। प्राथमिक जानकारी में सामने आया है कि यह फायरिंग दो गुटों की आपसी रंजिश के चलते हुई है। जिसमें राहगीर शिकार बन गया। हालांकि कितने राउंड फायरिंग हुई, इसकी जानकारी नहीं हो पाई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
स्विफ्ट कार व थार सवार चलते हुए दाग रहे थे गोली जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5 बजे एक स्विफ्ट कार और थार गाड़ी साथ-साथ चल रही थीं। इनमें सवार लोगों ने एक-दूसरे पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे बसंत सिंह के पेट में गोली लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बसंत सिंह का दोनों गुटों से कोई संबंध नहीं था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार थार गाड़ी में चार युवक सवार थे, जिसमें सबके पास हथियार था। दोनों गाड़ियां पीछे आ रही थी। दोनों पास आईं तो एक दूसरे पर फायरिंग करने लगीं घटना के बाद दोनों गाड़ियों में सवार लोग मौके से भाग गए। लोगो ने पुलिस को सूचना दी। करीब 15-20 मिनट में पुलिस मौके पर पहुंची तबतक आरोपी भाग चुके थे। पुलिस मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जीरा थाने के सब इंस्पेक्टर सतवंत सिंह ने बताया कि आरोपियों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़कर कार्रवाई करेगी।