डेराबस्सी इलाके में अवैध रेत खनन के खिलाफ माइनिंग विभाग और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्राली के साथ पकड़े गए गांव सुंडरा निवासी आरोपी जतिंदर सिंह उर्फ काका को एक दिन का पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत (जेल) भेज दिया गया है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि माइनिंग विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) मनप्रीत शर्मा ने 11 अक्टूबर को डेराबस्सी थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। चेकिंग के दौरान विभाग ने अवैध रेत से भरी एक लाल रंग की स्वराज ट्रैक्टर-ट्राली को जब्त कर पुलिस के हवाले किया था। शिकायत के आधार पर डेराबस्सी पुलिस ने तत्काल प्रभाव से एफआईआर नंबर 436 दर्ज कर माइनिंग एक्ट की धारा 4(1) और 21(1) के तहत केस दर्ज किया था। रेड मारकर आरोपी को दबोचा केस दर्ज करने के बाद 12 अक्टूबर को डेराबस्सी पुलिस ने गांव सुंडरा में छापेमारी कर आरोपी जतिंदर सिंह उर्फ काका (पुत्र सुखदेव सिंह) को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 1 दिन का रिमांड हासिल किया था। मंगलवार को रिमांड अवधि पूरी होने पर पुलिस ने आरोपी को पुनः अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह अवैध रेत किस जगह (खदान) से माइनिंग कर लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों और उनके नेटवर्क की भी बारीकी से जांच की जा रही है।
