भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता राजिंदर उर्फ पप्पू महाजन को पार्टी के प्रति उनके लंबे समर्पण और संगठनात्मक योगदान को देखते हुए पंजाब इंडस्ट्रियल सेल का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। भाजपा हाईकमान द्वारा उन्हें सौंपी गई इस अहम जिम्मेदारी के बाद समर्थकों और स्थानीय उद्योगपतियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। पप्पू महाजन का राजनीतिक और सामाजिक सफर काफी सफल रहा है। उन्होंने भाजपा के टिकट पर वार्ड नंबर 26 से चुनाव लड़कर करीब 35 साल के लंबे अंतराल के बाद पार्टी को ऐतिहासिक जीत दिलाई थी। इसके अलावा उनकी पत्नी ने भी वार्ड नंबर 9 से निगम पार्षद का चुनाव जीता।वह दो बार पंजाब भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य रह चुके हैं। दो बार भाजपा के जिला उपप्रधान के रूप में संगठनात्मक सेवाएं दे चुके हैं। उद्योगपतियों और सरकार के बीच बनेंगे सेतु अपनी इस नई नियुक्ति पर राजिंदर उर्फ पप्पू महाजन ने भाजपा नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह जन्म से ही भाजपा के सिद्धांतों से जुड़े रहे हैं और इस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाएंगे। उद्योग जगत को पंजाब की अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन की रीढ़ बताते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब इंडस्ट्रियल सेल के माध्यम से मैं उद्योगपतियों की समस्याओं, सुझावों और मांगों को समझकर उन्हें पार्टी नेतृत्व के समक्ष रखूंगा। हमारा प्रयास रहेगा कि कारोबारियों को राज्य में बेहतर और अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।” गृह निवास पर जश्न, ढोल की थाप पर दी बधाइयां अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद पप्पू महाजन के गृह निवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। हलका उत्तरी से भाजपा नेता अक्षय शर्मा, गोपी कृष्ण इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट विक्रम सहगल, अमन शर्मा, अजय मेहरा, आशु सेठी, गोपाल कपूर, राजेश महाजन और सनी महाजन सहित कई प्रमुख उद्योगपति खास तौर पर पहुंचे। इस दौरान समर्थकों ने ढोल की थाप पर नाचते हुए और फूल-मालाएं पहनाकर अपनी खुशी जाहिर की।
