लुधियाना के संगोवाल इलाके में पति-पत्नी के बीच चल रहे घरेलू कलह को सुलझाने के लिए रखा गया समझौता खूनी खेल में बदल गया। बातचीत के दौरान गुस्से में आए पति ने अपने ही परिवार के लोगों पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए एसपीएस (SPS) अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। समझौते के दौरान भड़का गुस्सा प्राप्त जानकारी के अनुसार पति और पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी क्लेश को सुलझाने के लिए कुछ लोग एक जगह बैठकर दोनों पक्षों के बीच समझौता करवा रहे थे। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर पति अचानक भड़क गया। गुस्साए पति ने आपा खो दिया और वहां मौजूद अपनी ही पत्नी दो बच्चों (करीब 6 साल और 8 साल के बेटे) और बच्चों के नाना पर हथियारों से हमला कर दिया। घायलों की हालत बेहद गंभीर,बच्चा वेंटिलेटर पर चौकी मराडो के एएसआई (ASI) तरसेम सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना प्राप्त हुई है। सूचना में बताया गया है कि धारदार हथियारों के हमले में घायल 4 लोगों को एसपीएस अस्पताल लाया गया है। एएसआई तरसेम सिंह के मुताबिक हमले में घायल सभी चारों लोगों की हालत इस समय बेहद गंभीर (सीरियस) बनी हुई है। इनमें सबसे छोटे बच्चे की हालत नाजुक है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के हर पहलू की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।