फलोदी में टैक्स ऑडिट रिपोर्ट जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाने सांसद पी.पी. चौधरी का फलोदी में व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों की ओर से अभिनंदन किया गया। टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष उमेश कुमार व्यास ने बताया कि सांसद ने वित्त मंत्री के समक्ष टैक्स ऑडिट रिपोर्ट जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाने का मुद्दा उठाया था। इससे करदाताओं को राहत मिली। हर साल 31 अक्टूबर हो टैक्स ऑडिट की अंतिम तारीख टैक्स बार एसोसिएशन ने मांग रखी कि टैक्स ऑडिट फाइलिंग की अंतिम तिथि हर साल स्थायी रूप से 31 अक्टूबर निर्धारित की जाए, ताकि करदाताओं और टैक्स प्रोफेशनल्स को समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने में सुविधा हो। फलोदी में RIICO का स्वतंत्र कार्यालय खोलने की मांग इंडस्ट्रियल एसोसिएशन ने सांसद को ज्ञापन सौंपकर फलोदी में RIICO का स्वतंत्र कार्यालय खोलने के लिए सरकार को सिफारिश भेजने का आग्रह किया। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्र कार्यालय खुलने से निवेशकों और उद्यमियों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं मिलेंगी। इससे नए उद्योगों को बढ़ावा देने और क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने में भी मदद मिलेगी। सांसद पी.पी. चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘Ease of Compliance’ विजन के तहत व्यापारियों और करदाताओं की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने RIICO कार्यालय सहित क्षेत्र के औद्योगिक विकास से जुड़ी मांगों को संबंधित स्तर पर उठाने का आश्वासन दिया। विधायक बोले- व्यापारिक मुद्दों को लेकर सक्रिय रहते हैं सांसद विधायक पब्बाराम विश्नोई ने कहा कि सांसद चौधरी जनहित के साथ-साथ क्षेत्र के व्यापारिक और औद्योगिक मुद्दों को लेकर सक्रिय रहते हैं। समिति के संरक्षक राधेश्याम रंगा ने कहा कि शैक्षणिक, सामाजिक और व्यापारिक संस्थाओं का साझा मंच फलोदी के विकास से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। ये रहे मौजूद इस अवसर पर समिति के कोषाध्यक्ष दिलीप व्यास, राजेंद्र बोहरा, विनोद पुरोहित, विश्वभर थानवी, सावन थानवी, मनमोहन चांडा सहित टैक्स बार एसोसिएशन और इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।