सवाई माधोपुर में गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल मानटाउन के संयोजन में 70वीं राज्य स्तरीय बास्केटबॉल 17 और 19 साल छात्र वर्ग क्रीड़ा प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हुआ। ये कॉम्पिटिशन 1 अक्टूबर से शुरू हुआ था, जो कि आज खत्म हुआ है। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आई टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान कॉम्पिटिशन के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा के प्रतिनिधि और पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष दीपक मीणा रहे। विजेता टीमों को किया सम्मानित समारोह में 17 वर्ष छात्र वर्ग में पहले स्थान पर खेल छात्रावास सीकर की टीम रही। दूसरी जैसलमेर अकादमी और तीसरी जयपुर प्रथम की टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं 19 वर्ष छात्र वर्ग में पहले स्थान पर सीकर, दूसरे पर कोटा और तीसरे पर सीकर अकादमी की टीम रही। विजेता और उप-विजेता खिलाड़ियों के साथ निर्णायकों, शारीरिक शिक्षकों, भामाशाहों और आयोजन व्यवस्था में जुटे कार्मिकों का भी सम्मान किया गया। ये रहे मौजूद कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी देवी लाल मीणा ने की, जबकि सह-अध्यक्ष जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक दिनेश कुमार गुप्ता रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक हरकेश लाल मीणा और सीबीईओ जगदीश नागर मौजूद रहे। प्रतियोगिता संयोजक और मानटाउन स्कूल प्रिंसिपल चंद्रशेखर जोशी ने आयोजन का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के आवास, भोजन, अल्पाहार सहित अन्य व्यवस्थाओं में भामाशाहों का सराहनीय सहयोग मिला। मुख्य अतिथि दीपक मीणा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा- खेलों से प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और नेतृत्व की भावना विकसित होती है। विजेता खिलाड़ी अब अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने प्रतियोगिता में पिछड़ने वाली टीमों के खिलाड़ियों से निराश नहीं होकर मेहनत जारी रखने की बात कही। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी देवी लाल मीणा ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया। उन्होंने खिलाड़ियों को कई खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में कई विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शारीरिक शिक्षक, निर्णायक, टीम प्रभारी, खिलाड़ी और व्यवस्थाओं में जुटे कार्मिक मौजूद रहे। संचालन चंद्रमोहन शर्मा और गीता जैलिया ने किया।