कोटा में युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला करने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 26 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे गुमानपुरा थाना क्षेत्र में घोड़ा वाला बाबा के पास हुई थी। पुरानी रंजिश में हमला किया था। परिवादी इंद्रजीत सिंह सोलंकी अपनी एक्टिवा से पेट्रोल भरवाने जा रहा था। इसी दौरान दो बाइक पर सवार अंशुल कालिया, रोहित कबुतर, प्रिंस अरोड़ा, मेहुल बच्चा और फैजल बच्चा समेत अन्य आरोपी वहां पहुंचे। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते इंद्रजीत पर चाकू से हमला कर दिया। उसके दाहिने कंधे और बाईं जांघ पर चाकू के वार किए गए, जिससे वह एक्टिवा से नीचे गिर गया। आरोप है कि इसके बाद पाइप से भी मारपीट की गई। परिवादी ने पुलिस को बताया कि रोहित कबुतर ने मुझ पर पिस्टल तान दी थी, लेकिन फायर नहीं हुआ। घटना के बाद गुमानपुरा थाने में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस एसपी तेजस्वनी गौत्तम के निर्देश पर थाना पुलिस और जिला विशेष टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में फरार चल रहे फैजल उर्फ बच्चा (23) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी साजीदेहड़ा क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है। कार्रवाई में कॉन्स्टेबल प्रदीप की विशेष भूमिका रही।