जोधपुर निगम में 12 वार्डों के परिसीमन के बदलाव के विरोध में इंडिया ब्लॉक की ओर से 8 अक्टूबर को ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च निकाला जाएगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने परिसीमन में बदलाव को जनता के साथ ‘कुठाराघात’ बताया है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर इंडिया ब्लॉक चुनाव आयोग के खिलाफ मार्च निकालकर विरोध दर्ज कराएगा। यह मार्च शहर जिला कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ जिला कलेक्टर कार्यालय में महात्मा गांधी की मूर्ति के पास पहुंचेगा। मार्च में गठबंधन के सभी घटक दलों के अग्रिम संगठन, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से शामिल होगा। इंडिया ब्लॉक में शामिल सभी पार्टियों ने प्रेसवार्ता करके इसकी जानकारी दी। कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष ओंमकार वर्मा ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते कहा कि सरकार और चुनाव आयोग की तानाशाही के खिलाफ 8 अक्टूबर को ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च निकालकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर 2026 तक पूरे प्रदेश में चलाए जा रहे ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’अभियान की इस यह मार्च निकाला जाएगा। उन्होंने नगर निगम के वार्डों के परिसीमन का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार से नगर निगम चुनाव में चुनाव घोषणा के बाद 12 वार्डों का परिसीमन परिवर्तित कर आम जनता के साथ कुठाराघात किया है, वह लोकतंत्र के खिलाफ है। इसके बाद मेयर इलेक्शन में बैलेट पेपर पर सीरियल नंबर लगाकर वोट गोपनीयता भंग की गई। निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर हो रहे हमले कॉमरेड गोपी किशन ने कहा कि वर्तमान केंद्र की भाजपा सरकार लगातार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर देश में लोकतंत्र का गला घोंटने का काम कर रही है। निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर लगातार हमले हो रहे हैं। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए हम चुप नहीं बैठेंगे। यह आंदोलन किसी राजनीतिक स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि भारत के संविधान, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सपनों और इस देश के करोड़ों मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए आयोजित किया जा रहा है। मताधिकार आम नागरिक की असली ताकत पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि भारतीय संविधान का अनुच्छेद 326 देश के प्रत्येक नागरिक को जाति, धर्म, लिंग, वर्ग या सामाजिक स्थिति से परे उठकर सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार की गारंटी प्रदान करता है। यह मताधिकार केवल कागज पर दर्ज कोई कानूनी प्रावधान नहीं है, बल्कि हमारे महान लोकतंत्र की आत्मा और देश के आम नागरिक की असली ताकत है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव यादव कुमार सोनी ने कहा कि आज लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वायत्तता, स्वतंत्रता और निष्पक्षता पर जिस प्रकार के आघात हो रहे हैं, उससे देश के आम नागरिक के इस सबसे पवित्र अधिकार पर संकट के गहरे बादल मंडरा रहे हैं। निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता बहाल करना, चुनाव प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करना और लोकतांत्रिक मूल्यों से समझौता करने वाले मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराना ही इस देशव्यापी आंदोलन का मुख्य ध्येय है। कांग्रेस कार्यालय से शुरू होगा मार्च पूर्व अध्यक्ष नरेश जोशी और सलीम खान ने कहा कि इंडिया (INDIA) गठबंधन के सभी सहयोगी दलों के साथ मिलकर 8 अक्टूबर 2026 को शाम 4 बजे विरोध मार्च करेंगे। यह मार्च शहर जिला कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ जिला कलेक्टर कार्यालय में महात्मा गांधी की मूर्ति के पास पहुंचेगा। इस मार्च में गठबंधन के सभी घटक दलों के अग्रिम संगठन, जनप्रतिनिधि और हजारों कार्यकर्ता शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से शामिल होंगे। इस दौरान पूर्व महापौर कुंती देवड़ा, सूरसागर विधायक प्रत्याशी शहजाद खान लियाकत अली रंगरेज, जिला कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता डॉ. संजय गौड़, मनीष व्यास, भंवरलाल सियोल,अब्दुल कयूम लोधी, मनीष लोढ़ा, प्रदीप पवार,अकरम खान, अंजुला रोपीया, महेंद्र मेवाड़ा, डॉ. हेम सिंह गहलोत, रामनिवास गोदारा मौजूद रहे।
