टोंक शहर के मदरलैंड सीनियर सेकेंडरी स्कूल की मेजबानी में चल रही राज्य स्तरीय अंडर-17 हॉकी प्रतियोगिता अब खिताबी जंग की ओर बढ़ रही है। रविवार को सआदत पैवेलियन ग्राउंड पर खेले गए सुपर लीग मुकाबलों में खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगा दिया। श्रीगंगानगर ने जयपुर को 3-2 से शिकस्त दी। टोंक की टीम को अलवर की टीम ने हरा दिया। प्रतियोगिता संयोजक कमलेश सिंगोदिया ने बताया- सुपर लीग के पहले राउंड में श्रीगंगानगर और हॉकी एकेडमी जयपुर के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। दोनों टीमों ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी, लेकिन आखिरकार श्रीगंगानगर ने 3-2 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। हनुमानगढ़ ने बीकानेर को 6-0 से हरा दिया।
दूसरे मुकाबले में हनुमानगढ़ की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए शार्दुल स्पोर्ट्स स्कूल बीकानेर को 6-0 से एकतरफा शिकस्त दी। हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाए रखा और लगातार गोल दागकर मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। अलवर ने टोंक को 1-0 से हराकर उसे प्रतियोगिता से बाहर कर दिया। भीलवाड़ा टीम भी अपना मैच जीत गई। कड़े मुकाबले में टोंक की टीम हारी
मेजबान टोंक और अलवर के बीच आज कड़ा मुकाबला हुआ। दोनों टीमों के खिलाडिय़ों ने गोल के लिए कई प्रयास किए, लेकिन अलवर ने निर्णायक बढ़त बनाते हुए टोंक को 1-0 से हरा दिया। वहीं भीलवाड़ा ने नागौर के खिलाफ कड़े संघर्ष के बाद 1-0 से जीत दर्ज की। सोमवार को सुबह के सत्र में श्रीगंगानगर बनाम शार्दुल स्पोर्ट्स स्कूल बीकानेर, हॉकी एकेडमी जयपुर बनाम हनुमानगढ़, नागौर बनाम टोंक और अलवर बनाम भीलवाड़ा के बीच मुकाबले होंगे। वहीं शाम के सत्र में श्रीगंगानगर का सामना हनुमानगढ़, हॉकी एकेडमी जयपुर का शार्दुल स्पोर्ट्स स्कूल बीकानेर, अलवर का नागौर और टोंक का मुकाबला संबंधित टीम के साथ होगा।
