अजमेर में नेशनल हाईवे पर स्थित खेड़ी टोल प्लाजा पर वाहन सवार लोगों ने जमकर हंगामा किया। टोल नहीं देने पर कर्मचारियों ने एक युवक को पकड़ लिया था। थोड़ी देर बाद बिना नंबर की 8-9 गाड़ियों में सवार होकर लोग टोल पर पहुंचे और पथराव शुरू कर दिया। टोल पर जमकर तोड़फोड़ की, टोल कर्मचारियों के साथ मारपीट की और उन्हें वाहनों से कुचलने की कोशिश की। आरोप है कि वाहन सवार लोगों ने टोल ऑफिस पर रिवॉल्वर से फायरिंग भी की। टोलकर्मी जान बचाने के लिए बूथ छोड़कर टोल ऑफिस की छत पर चढ़ गए। हंगामे और फायरिंग की सूचना के बाद आसपास के दुकानदार भी मौके पर पहुंचे। यह देख वाहन सवार लोग मौके से भागने लगे। घटना भिनाय थाना क्षेत्र में खेड़ी टोल प्लाजा की रविवार शाम 4.30 बजे की है। सूचना पर भिनाय के अलावा सरवाड़, नसीराबाद, श्रीनगर और सराना थाना क्षेत्रों की पुलिस भी मौके पर पहुंची। अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर 6 गाड़ियों को जब्त किया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना की तीन तस्वीरें… बैरियर तोड़कर निकली गाड़ी जानकारी अनुसार, रविवार शाम किशनगढ़ की ओर से करीब बिना नंबर की 10-12 गाड़ियां खेड़ी टोल प्लाजा पर पहुंचीं। इनमें से एक गाड़ी के ड्राइवर ने बिना टोल दिए बैरियर तोड़कर गाड़ी निकाल ली। उसके पीछे आ रही दूसरी गाड़ियों के ड्राइवर ने भी निकलने का प्रयास किया। इस पर टोल कर्मचारियों ने एक वाहन को रोककर उसकी चाबी निकाल ली। ड्राइवर मौके से भाग गया, जबकि वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति को कर्मचारियों ने पकड़ लिया और टोल ऑफिस में ले गए। पीछे से आई 8-9 गाड़ियों में सवार लोगों ने किया हंगामा इसके बाद पीछे से 8-9 अन्य गाड़ियों में सवार लोग टोल प्लाजा पर पहुंचे। उन्होंने टोल बूथों पर मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद गाड़ियों को टोल प्लाजा के आसपास तेज रफ्तार में दौड़ाया। टोलकर्मियों ने आरोप लगाया कि वाहन सवार लोगों ने हमें कुचलने का भी प्रयास किया। जान बचाने के लिए ऑफिस की छत पर पहुंचे कर्मचारी हंगामे के बीच टोलकर्मी जान बचाने के लिए टोल ऑफिस की छत पर पहुंच गए। कर्मचारियों ने अपने बचाव में ऊपर से पत्थर फेंके। टोल कर्मियों का आरोप है कि गाड़ियों में सवार लोगों में से किसी ने टोल ऑफिस की ओर रिवॉल्वर से फायरिंग भी की।
भिनाय थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया- टोल पर तोड़फोड़ और फायरिंग की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। एक व्यक्ति को डिटेन किया गया है। तोड़फोड़ क्यों हुई, इसकी जांच की जा रही है। फायरिंग की बात भी सामने आई है। एसपी के निर्देश पर अलग-अलग टीमों का गठन कर कार्रवाई की जा रही है। पीसांगन थाना पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा
पीसांगन थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाकाबंदी कर रखी थी। इस दौरान कई वाहनों में कुछ संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक व्यक्ति को पककर दो वाहनों को जब्त किया। इस दौरान करीब 6-7 युवक मौके से फरार हो गए।
वहीं, सावर क्षेत्र में भी पुलिस ने नाकाबंदी कर कुछ संदिग्ध बदमाशों को पकड़ा है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
(इनपुट सहयोग- अभिषेक पारीक, नेमीचंद)