सीकर शहर में पुलिस कंट्रोल रूम के सामने गेहूं के कट्टों से भरा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर शुक्रवार रात करीब 9 बजे डिवाइडर में जा घुसा। हादसे में करीब 20 फीट तक डिवाइडर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को सुचारू करवाया। हादसे के कारण आसपास लगे कई बिजली के तार भी टूट गए। इसके बाद बिजली विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया, ताकि क्षतिग्रस्त तारों को दुरुस्त किया जा सके। नशे में मिला ड्राइवर पुलिस ने ट्रेलर ड्राइवर को हिरासत में लिया है। ड्राइवर के शराब के नशे में होने की आशंका को देखते हुए उसका मेडिकल करवाया जाएगा। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार- ट्रेलर हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा से गेहूं के कट्टे लेकर सीकर आया था। ट्रेलर को सांवली सर्किल रोड की ओर जाना था, लेकिन ड्राइवर गलती से शहर की ओर आ गया। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम के सामने ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। कोतवाली थाना एसएचओ सुनील कुमार जांगिड़ ने बताया- हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। ड्राइवर को हिरासत में लिया गया है और उसका मेडिकल करवाया जाएगा।
