जोधपुर में साइबर ठगी का अनोखा मामला सामने आया है। इसमें एक युवक को वॉट्सएप पर उसके बॉस के नाम से संदेश भेजकर एप्पल गिफ्ट कार्ड खरीदने और उनके कोड भेजने के लिए कहा गया। युवक को विश्वास था कि वह अपने बॉस से ही बातचीत कर रहा है। आरोपी के कहने पर उसने पहले खुद और बाद में दोस्तों की मदद से लाखों रुपए के गिफ्ट कार्ड खरीदकर उनके कोड वॉट्सएप पर भेज दिए। बाद में धोखाधड़ी का पता चलने पर पीड़ित युवक ने सरदारपुरा थाने मे अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। सरदारपुरा थाने में दी रिपोर्ट में सरदारपुरा निवासी नितेश जेठानी ने बताया कि 15 अगस्त की रात करीब 9 बजे उसके वॉट्सएप पर एक विदेशी मोबाइल नंबर से संदेश आया। संदेश भेजने वाले ने खुद को उसका बॉस बताया और एप्पल गिफ्ट कार्ड खरीदकर उनके कोड वॉट्सएप पर भेजने को कहा। परिजन और दोस्तों से मदद लेकर गिफ्ट कार्ड खरीदे नितेश के अनुसार- मैंने अमेजन खाते से 11 एप्पल गिफ्ट कार्ड 1.10 लाख रुपए के खरीदे। इसके बाद मेरी मां निशा जेठानी के अमेजन खाते से 6 और गिफ्ट कार्ड 60 हजार रुपए के खरीदे गए। इस तरह पहले चरण में कुल 17 गिफ्ट कार्ड करीब 1.70 लाख रुपए के खरीदे गए। सभी के कोड आरोपी को वॉट्सएप पर भेज दिए गए। इसके बाद कथित आरोपी ने करीब पांच लाख रुपए और गिफ्ट कार्ड खरीदने के लिए कहा। नितेश ने बताया- आरोपी को अपना बॉस समझकर उसने दोस्तों की मदद ली। उसके एक दोस्त ने करीब 1.30 लाख रुपए और दूसरे ने करीब 1.70 लाख रुपए के गिफ्ट कार्ड खरीदे। इन कार्डों के कोड भी कथित आरोपी को भेजे गए। पीड़ित युवक ने पुलिस को गिफ्ट कार्ड खरीदने के लिए विभिन्न क्रेडिट कार्ड और बैंक खाते से किए गए भुगतान का विवरण भी दिया है। पुलिस मामले में वॉट्सएप मैसेज, मोबाइल नंबर और गिफ्ट कार्ड खरीद से जुड़े लेन-देन की जानकारी के आधार पर जांच कर रही है।