बारां की धानमंडी स्थित हमाल मजदूर कार्यालय में गुरुवार को विश्वकर्मा जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर जरूरतमंद श्रमिकों और उनके परिवारों को सहायता राशि के चेक बांटे गए। कार्यालय में विशेष ध्वजारोहण किया गया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। हमाल मजदूर संघ के अध्यक्ष रमेश चंद सुमन ने जरूरतमंद श्रमिकों और उनके परिवारों को सहायता राशि के चेक दिए। इसमें उन सदस्यों के परिजन शामिल थे, जिनका निधन हो गया था। मृतक सदस्यों के परिजनों को 10-10 हजार रुपए के चेक दिए गए। इनमें विष्णु सुमन, शंभूदयाल ऐरवाल, राधे कुमार बिहारी और मुरली नायक के परिवार शामिल हैं। वहीं, पैरालिसिस, ऑपरेशन या शरीर में रॉड डलने जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे 12 सदस्यों को 5-5 हजार रुपए की सहायता दी गई। इनमें राजेंद्र कुमार, सुमित बिहारी, सतीश पारेता, सुरेंद्र बैरवा, अमरलाल ऐरवाल, राजेंद्र ऐरवाल, दिनेश ऐरवाल, हरिवंश सिंह, रमेशचंद्र, ओमप्रकाश ऐरवाल, सलीम खान और सूर्यप्रकाश शामिल हैं। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्तमान अध्यक्ष के कार्यकाल में अब तक 9 लाख रुपए से ज्यादा की सहायता राशि जरूरतमंदों में बांटी जा चुकी है। इस कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष सूरजमल ऐरवाल, उपाध्यक्ष रामप्रसाद बैरवा, महामंत्री राधेश्याम सुमन, सदस्य घनश्याम बैरवा, मदन प्रजापत, पप्पू लंका कॉलोनी, सत्यनारायण, गोविंद सुमन, संतोष ठाकुर, रामप्रसाद बैरवा, मधुरलाल हकेकदार और पंकज बिहारी जैसे कई लोग मौजूद रहे।