रिश्वतखोरी के एक मामले में गिरफ्तार किए गए DIG हरचरण सिंह भुल्लर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गिरफ्तारी के बाद, केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने उनकी संपत्तियों की गहन जांच शुरू कर दी है। गुरुवार देर रात चंडीगढ़ स्थित उनके घर पर छापेमारी के बाद, जांच टीम लुधियाना के माछीवाड़ा साहिब के पास गांव मंड शेरियां स्थित उनके ‘भुल्लर फार्म’ पर पहुंची है। CBI की टीम ने शुक्रवार सुबह से ही फार्महाउस में छानबीन शुरू कर दी। टीम ने घर के हर हिस्से, दफ्तरनुमा कमरों और आसपास के इलाकों की बारीकी से जांच की। बताया जा रहा है कि इस फार्महाउस के साथ लगभग 50 से 55 एकड़ जमीन भी जुड़ी हुई है, जिसकी भी सीबीआई ने पड़ताल की है। कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई : सीबीआई सीबीआई अधिकारी ने बताया कि फार्महाउस से अब तक कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है। हालांकि, पूरी संपत्ति और उससे जुड़ी जमीन के दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि हर पहलू को विस्तार से खंगाला जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, सीबीआई को संदेह है कि रिश्वत से जुड़ी रकम या उससे खरीदी गई संपत्ति के कुछ महत्वपूर्ण सबूत इस फार्महाउस से मिल सकते हैं। इसी आशंका के चलते जांच एजेंसी की टीम कई घंटों से मौके पर मौजूद रहकर छानबीन कर रही है।

You missed