जयपुर के मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में सिंजारा पर रविवार को मेहंदी लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। अचानक भीड़ बढ़ने से कई जगह धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इसके चलते महाराष्ट्र की एक महिला श्रद्धालु बेहोश हो गई। 3 घंटे में 3500 किलो मेहंदी खत्म हो गई। शाम 7 बजे के करीब मंदिर प्रशासन ने मेहंदी खत्म होने का अनाउंसमेंट कर दिया और लोगों को घर जाने की अपील की। शाम होते-होते भीड़ इतनी बढ़ गई कि सड़क पर गाड़ियों की लाइनें लग गई। लोग करीब 1.30 घंटे तक जाम में फंसे रहे। दरअसल, सोशल मीडिया पर शेयर रील्स में दावा किया गया कि यहां की मेहंदी लगाने से कुंवारे लड़के-लड़कियों की शादी हो जाती है। इसके चलते दिल्ली, चंडीगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, पुणे, इंदौर, भोपाल और आगरा सहित कई शहरों से लोग शनिवार रात से ही जयपुर पहुंचने लगे। इनमें कुछ लोग अपने बेटे-बेटी के लिए तो कुछ बहन के लिए मेहंदी लेने आए थे। मेहंदी का वितरण शाम 7 बजे से होना था, लेकिन भीड़ बढ़ने के बाद मंदिर प्रशासन ने इसे शाम 5 बजे से शुरू करने की घोषणा कर दी। दिन चढ़ने के साथ मंदिर के बाहर और आसपास भीड़ बढ़ती चली गई। स्थिति यह रही कि गणेश चतुर्थी के लिए होने वाला ट्रैफिक डायवर्जन भी 1 दिन पहले से शुरू कर दिया गया। मंदिर के बाहर तख्तेशाही रोड और जेएलएन मार्ग तक श्रद्धालुओं की कतारें लगी रही। पहले देखें PHOTOS दूसरे शहरों से आए लोगों ने पुलिस व्यवस्था पर उठाए सवाल मेहंदी लेने दूसरे शहरों से आए लोगों ने कहा- भीड़ के हिसाब से पुलिस की व्यवस्था कम नजर आई। आगरा से आए दीपक ने कहा- यहां की मेहंदी लेने से शादी हो जाती है। इसी वजह से यहां आया था। यहां सुरक्षा की कोई व्यवस्था नजर नहीं आई। न लाइन समझ में आई और न ही यह बताया गया कि मेहंदी कहां से मिलेगी। खबर की पल-पल अपडेट्स के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…