जयपुर में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या कर भागे राहुल झा (45) को पुलिस ने पकड़ लिया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी को सीकर के रींगस इलाके से रविवार को पकड़ लिया गया। करधनी थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी तक पहुंची। आरोपी पर शनिवार को ही 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। सूत्रों के मुताबिक- आरोपी 11 सितंबर को जयपुर से बस से खाटूश्याम जी के दर्शन करने पहुंचा था। दर्शन के बाद एक होटल में रूम ले लिया। खर्चे के रुपए नहीं होने पर होटल में अपनी अंगूठी बेचने की कोशिश की। होटल वाले ने अंगूठी के बदले 500 रुपए देने से भी मना कर दिया। इसके बाद आरोपी राहुल रींगस रेलवे स्टेशन पहुंचा और रात वहीं गुजारी। अगले दिन वह कभी रेलवे स्टेशन तो कभी बस स्टैंड के आसपास घूमता रहा। यहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बड़ी बेटी को लेकर नाराजगी की बात बताई है। पांच-छह दिन पहले भी गया था खाटू पुलिस जांच में सामने आया कि पत्नी और तीन बेटियों की हत्या से करीब 5-6 दिन पहले भी वह खाटूश्यामजी जाकर आया था। पुलिस ने आसपास के लोगों और परिचितों से राहुल के बारे में जानकारी जुटाई तो उसके अक्सर खाटू जाने की बात सामने आई। इस पर पुलिस की टीम खाटूश्यामजी पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में राहुल एक होटल के पास नजर आया। इसके बाद पुलिस ने उसकी मूवमेंट के आधार पर रींगस रेलवे स्टेशन की फुटेज खंगाली। दिनभर की फुटेज में राहुल स्टेशन और बीकानेर बस स्टैंड के आसपास घूमता दिखाई दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि बचने के लिए वह अपना चेहरा छुपाकर घूम रहा था। इन इलाकों में एक होटल पर बैठकर स्पेशल टीम आरोपी का इंतजार कर रही थी। कुछ देर बाद आरोपी चेहरे पर कपड़ा बांधकर आया तो टीम ने पकड़ लिया। बड़ी बेटी को लेकर नाराज था राहुल शुरुआती पूछताछ में राहुल ने बताया- बड़ी बेटी अक्सर परिचितों के साथ बाहर घूमने जाती थी। हाल ही में वह किसी परिचित युवक के साथ कांवड़ लेकर आई थी। राहुल ने उसे अनजान लोगों से दूर रहने के लिए कई बार समझाया था। पूछताछ में सामने आया कि राहुल को अंदेशा था कि यदि उसने बड़ी बेटी की हत्या कर दी और उसे जेल हो गई तो पीछे पत्नी और दोनों बेटियों की देखभाल कौन करेगा। इसी सोच के चलते उसने चारों की एक साथ हत्या करने की योजना बनाई। बेहोशी में पत्थर से सिर कुचला पुलिस को शुक्रवार को सुबह 10 बजे महिला और 3 बेटियों की हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो गीता झा (40), बेटी नंदनी (22), राधिका (17) और गिरीश उर्फ गौरी (14) के खून से लथपथ शव मिले थे। गीता की बॉडी मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे में मिली थी, जबकि तीन बेटियों के शव ग्राउंड फ्लोर पर दो कमरों में मिले थे। पुलिस को राहुल के खून से सने कपड़े मिले थे। उसका मोबाइल भी घर पर मिला, जो स्विच ऑफ था। खूने से सने कपड़े बदले सूत्रों के मुताबिक, प्लान के तहत उसने पत्नी और तीनों बेटियों को खाने में जहर मिलाकर खिला दिया। सुबह जल्दी उठकर आरोपी ने पत्नी और बेटियों को चेक किया। आरोपी का शक था कि जहर देने के बाद भी पत्नी-बेटियां बच जाएंगी। ऐसे में वह घर के बाहर रखी डेढ़ फीट की करीब 10 किलो की सीमेंट पट्टी उठाकर लाया और बेहोशी की हालत में तीनों बेटियों और पत्नी के सिर-चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। इसके बाद खून से सने कपड़े बदल लिए। पुलिस की जांच में सामने आया कि, राहुल ने सुबह 7 बजे दूध वाले से दूध लिया और बुजुर्ग पिता लक्ष्मीनाथ झा (85) को चाय बनाकर पिलाई थी। इसके बाद पिता को बाहर जाने की बात कहकर फरार हो गया। इसके बाद से ही पुलिस टीमें CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही थी। ———— ये खबर भी पढ़ें… जयपुर-पत्थर से सिर कुचलकर पत्नी और तीन बेटियों की हत्या:फिर पिता को चाय पिलाई और फरार हो गया, अलग-अलग कमरों में मिली लाश जयपुर के करधनी इलाके में गुरुवार देर रात पति ने पत्नी और 3 बेटियों की हत्या कर दी। चारों की सिर पर पत्थर और मुंह पर वार कर हत्या की गई है। फिर शुक्रवार सुबह बुजुर्ग पिता को चाय पिलाकर आरोपी फरार हो गया। (पढ़ें पूरी खबर)
