फाजिल्का जिले की जलालाबाद सिटी थाने में तैनात एक हवलदार की संदिग्ध वस्तु का आदान-प्रदान करते हुए वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने सख्त कार्रवाई की है। मामले में पुलिस ने हवलदार अमन के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उसका डोप टेस्ट करवाया जा रहा है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सिटी थाना जलालाबाद के एसएचओ मोहित धवन ने बताया कि हवलदार अमन की एक वीडियो सामने आई थी, जिसमें वह दो लोगों से किसी नशीली वस्तु का आदान-प्रदान करता दिखाई दे रहा था। वीडियो वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद मामले की जांच की गई। SHO बोले- किसी को बख्शा नहीं जाएगा पूछताछ में हवलदार ने कथित तौर पर राजू नामक व्यक्ति से 600 रुपये से अधिक कीमत की ड्रग्स खरीदने और उसका सेवन करने की बात स्वीकार की है। एसएचओ के मुताबिक, अमन पिछले करीब 6 महीने से नशे का सेवन कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसका डोप टेस्ट करवाया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद जरूरत के अनुसार धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं। एसएचओ ने कहा कि नशे के मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह पुलिसकर्मी ही क्यों न हो।