धौलपुर जिले में हो रही लगातार बारिश के कारण पार्वती बांध के दो गेट खोल दिए गए हैं। कैचमेंट क्षेत्र में लगातार बारिश और बांध में पानी की आवक बढ़ने के कारण यह फैसला लिया गया। जल संसाधन विभाग के अनुसार शनिवार (5 सितंबर) को शाम 4:30 बजे बांध के दो गेट दो-दो फीट तक खोले गए। इससे करीब 2200.76 क्यूसेक पानी की निकासी शुरू हो गई है। विभाग ने बताया कि पार्वती बांध का फुल रिजर्वायर लेवल (FRL) 223.41 मीटर तय है। अभी बांध का जलस्तर 222.95 मीटर दर्ज किया गया है। कैचमेंट क्षेत्र में बारिश के चलते बांध में लगातार पानी आ रहा है। इसलिए जलस्तर को कंट्रोल करने और अतिरिक्त पानी को सुरक्षित निकालने के लिए गेट खोलने का फैसला लिया गया। पार्वती नदी में पानी छोड़े जाने के कारण नदी के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। जल संसाधन विभाग बांध के जलस्तर और पानी की आवक पर लगातार नजर रख रहा है। जरूरत पड़ने पर आगे पानी की निकासी में बदलाव किया जा सकता है। गौरतलब है कि बारिश के मौसम में कैचमेंट क्षेत्र से पानी बढ़ने पर पार्वती बांध के गेट खोलकर जलस्तर को कंट्रोल किया जाता है। पिछले सालों में भी कई बार जलस्तर बढ़ने पर बांध के गेट खोलकर पानी निकाला गया था।