डूंगरपुर जिले में पुलिस की स्पेशल टीम (डीएसटी) ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की है। सदर थाना क्षेत्र में NH-48 पर मोतली मोड़ के पास 2 लोडिंग टेम्पो से 60 लाख रुपए की अवैध शराब जब्त की गई है। पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सदर सीआई संगीता बंजारा ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। डीएसटी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एनएच-48 पर 2 लोडिंग टेम्पो में अवैध शराब की तस्करी हो रही है। इस पर डीएसटी ने मोतली मोड़ के पास नाकेबंदी की। सब्जियों की आड़ में हो रही थी तस्करी
टीम ने एक लोडिंग टेम्पो को रोका। उसमें बैठे लोगों ने पूछताछ में सब्जियां होने की बात कही। तलाशी लेने पर सब्जियों के कैरेट के नीचे भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब छिपाई मिली। इस टेम्पो से विभिन्न ब्रांड के 194 कार्टन अवैध शराब जब्त की गई। पुलिस ने उदयपुर बम्बोरा निवासी शेर सिंह और गोपाल नागदा को हिरासत में लिया। इसके बाद डीएसटी ने खेरवाड़ा की तरफ से आ रहे एक ग्रे रंग के लोडिंग टेम्पो को रुकने का इशारा किया। चालक ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। उसने टेम्पो को एक बंद ढाबे के पास खड़ा किया और दो लोग भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि दूसरा भागने में सफल रहा। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान सलूंबर निवासी मुकेश गिरी के रूप में हुई। इस टेम्पो की तलाशी लेने पर सब्जियों के कैरेट के नीचे से 141 कार्टन अंग्रेजी शराब जब्त की गई। डीएसटी ने टेम्पो से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया।
डीएसटी ने दोनों मामलों में वाहनों और शराब को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए सदर थाना पुलिस को सौंप दिया है।
