जसरापुर क्षेत्र में कृष्ण जन्मोत्सव पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। जन्माष्टमी पर क्षेत्र के कई मंदिरों में खास सजावट की गई है। यह सजावट श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। जसरापुर के प्राचीन बिहारी मंदिर को भी खास तौर पर सजाया गया है। यहां पुजारी गिरधारी पांडे की देखरेख में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-पाठ कर रहे हैं। गोपीनाथ मंदिर में पुजारी रमाकांत शर्मा की देखरेख में कृष्ण जन्माष्टमी मनाई जा रही है। इस मंदिर में भी विशेष सजावट की गई है। इसके अलावा सीताराम , संकटमोचन हनुमान, रघुनाथ बड़ा मंदिर, लक्ष्मी नारायण, सिद्धिविनायक, सत्यनारायण भगवान और नरसिंह भगवान के मंदिरों में भी खास सजावट की गई है। सभी मंदिरों में गायक कलाकार भजन गा रहे हैं, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया है। मानोता जाटान स्थित हनुमान मंदिर में भी जन्माष्टमी पर विशेष पूजा और आकर्षक सजावट की गई है। जन्माष्टमी के चलते सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ है। श्रद्धालु भगवान कृष्ण के दर्शन कर पूजा कर रहे हैं और अपनी मनोकामनाएं मांग रहे हैं। जसरापुर क्षेत्र के मंदिरों में रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। जन्मोत्सव के लिए मंदिरों में खास तैयारियां की गई हैं। भजन-कीर्तन, धार्मिक कार्यक्रम और मंदिरों की सजावट से पूरा इलाका कृष्णमय दिख रहा है।
