लघु उद्योग भारती की ओर से आयोजित 15वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर–‘भारत उद्योग दर्शन’ 2026 का आयोजन 23 से 26 अक्टूबर तक गांधीनगर स्थित हेलिपैड ग्राउंड में किया जाएगा। मेले की तैयारियों और आयोजन के उद्देश्यों को लेकर लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर उन्हें मेले में सहभागिता और उद्घाटन समारोह के लिए आमंत्रित किया। प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय रेल एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह, केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया, केंद्रीय खान एवं कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल, केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल और केंद्रीय श्रम एवं रोजगार एवं एमएसएमई राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे से भेंट की। एमएसएमई को मिलेगा नए बाजार और कारोबार का मंच प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्रियों को इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर–उद्यम 2026 की तैयारियों और आयोजन के उद्देश्यों की जानकारी दी। मेले में गुजरात सहित देशभर के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के साथ विनिर्माण, प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, वस्त्र, फार्मा और ऑटोमोबाइल सहित विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े उद्यमी भाग लेंगे। आयोजन के माध्यम से उद्यमियों को नए बाजार, व्यापारिक संपर्क और व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। लघु उद्योग भारती के अनुसार मेला देश के एमएसएमई क्षेत्र की क्षमता, नवाचार, स्वदेशी उत्पादों और उद्यमशीलता को व्यापक मंच प्रदान करेगा। ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेक इन इंडिया’ को मिलेगा बढ़ावा लघु उद्योग भारती ने बताया कि मेले के माध्यम से ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेक इन इंडिया’ की भावना को मजबूती देने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही, एमएसएमई क्षेत्र की भागीदारी के जरिए आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने पर जोर रहेगा। प्रतिनिधिमंडल में ये पदाधिकारी रहे शामिल प्रतिनिधिमंडल में लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाशजी भाई साहब, राष्ट्रीय अध्यक्ष मधुसूदन दादू, राष्ट्रीय महामंत्री ओमप्रकाश गुप्ता, राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री नरेश पारीक, गुजरात प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर पटेल, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बलदेव भाई प्रजापति, कार्यकारिणी सदस्य एवं अखिल भारतीय पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष वजूभाई वाघासिया, चित्तौड़ प्रांत अध्यक्ष महेश हुरकट, कपिल गुप्ता, असम के उपाध्यक्ष विवेक अग्रवाल, पल्लवी लड्ढा, कर्णावती संभाग महामंत्री अशोक पटेल तथा कर्णावती प्रमुख जयकल्प पटेल शामिल रहे। लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री नरेश पारीक ने बताया कि दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात के दौरान उन्हें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर–भारत उद्योग दर्शन 2026 में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया गया।